लखीमपुर खीरी/बाकेगंज । भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बृहस्पतिवार को शहर के बाजारों में रौनक रही। राखी, मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। वहीं करीब 27 साल बाद रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा।
मेन रोड, संकटा देवी, गोला रोड, खीरी रोड और डीसी रोड समेत प्रमुख बाजारों में राखी और मिठाई की दुकानें सजी रहीं। मेन रोड पर महिलाएं और युवतियां पसंद की राखियां खरीदती नजर आईं। दुकानदारों ने रंग-बिरंगी और अलग-अलग डिजाइनों की राखियां सजाई हैं। दुकानदार नितिन, राकेश भोजवाल, संतोष शाह, जितेंद्र, दीपक और रमेश ने बताया कि बिक्री का आखिरी दिन होने के कारण भीड़ अधिक रही।
मिठाई कारोबारी दिलीप गुप्ता, देवेश गुप्ता, घनश्याम, छोटे और आफ़ताब ने बताया कि मिठाइयां 260 से 1400 रुपये प्रति किलो तक बिक रही हैं। ग्राहक पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। भाइयों के लिए गिफ्ट और सेंवईं की भी बिक्री हो रही है।
-
27 साल बाद पड़ रहा ऐसा संयोग
गोला गोकर्णनाथ के ज्योतिषाचार्य पं. रामदेव मिश्र ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा तिथि 28 अगस्त को सुबह 09:48 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। राखी बांधने का प्रमुख शुभ समय सुबह 05:57 से 09:48 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:56 से 12:48 बजे तक और अपराह्न मुहूर्त दोपहर 11.52 से शाम 04:35 बजे तक रहेगा।
28 अगस्त को राहुकाल सुबह 10.46 से दोपहर 12.22 बजे तक रहेगा। भद्रा 27 अगस्त की रात 09.32 बजे समाप्त हो चुकी है। इसलिए 28 अगस्त को राखी बांधने में बाधा नहीं रहेगी।
-
पांच शुभ योगों का संयोग
ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर सुकर्मा, बुधादित्य, उभयचारी, सर्वार्थ सिद्धि और त्रिपुष्कर योग समेत पांच योगों का दुर्लभ संयोग बन रहा है। भद्राकाल न होने से भाइयों की कलाई पर राखी बांधने में बाधा नहीं रहेगी। धार्मिक मान्यताओं में भद्राकाल में रक्षाबंधन करना शुभ नहीं माना जाता।
28 अगस्त को पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण भी पड़ेगा, लेकिन यह भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए इसका रक्षाबंधन पर कोई प्रभाव नहीं माना जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार रक्षाबंधन के दिन स्नान के बाद सबसे पहले भगवान को रक्षा सूत्र अर्पित कर लक्ष्मी-नारायण की पूजा करनी चाहिए।
रक्षा बंधन के लिए मिठाई की दुकान पर हो रही खरीदारी। संवाद
रक्षा बंधन के लिए मिठाई की दुकान पर हो रही खरीदारी। संवाद
रक्षा बंधन के लिए मिठाई की दुकान पर हो रही खरीदारी। संवाद