टीकाकरण से छूटे बच्चों के लिए शुरू हुआ इंद्रधनुष अभियान
- 0 से 5 साल तक के बच्चों का होगा टीकाकरण
- जिले और ब्लाक के अधिकारी करेंगे इसकी निगरानी
शून्य से पांच साल तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए इंद्रधनुष अभियान मंगलवार को जिला महिला अस्पताल से शुरू हुआ। अभियान के तहत बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण किया जाएगा। इसकी शुरूआत मंगलवार को सीएमओ और सदर विधायक ने एक बच्चे को पोलिया ड्राप पिलाकर की। अभियान 14 जून तक चलेगा। इसकी सफलता के लिए जिला एंव ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को मॉनीटिरिंग के लिए लगाया गया है।
जिले के दूर-दराज क्षेत्र में रहने वाले 0 से 5 साल तक के ऐसे बच्चे, जो पालियो ड्रॉप तथा टीकाकरण से छूट गए थे। इन बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए मंगलवार को इंद्रधनुष अभियान शुरू हुआ। जिसका उद्घाटन सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा और सीएमओ डा. अरुण कुमार सिंह ने महिला अस्पताल में एक बच्चे को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया। यह अभियान 14 जून तक जिले की सभी ब्लाकों में चलेगा। कोई बच्चा इससे छूट न जाए, इसलिए इसकी मॉनीटिरिंग के लिए जिला और ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को लगाया गया है। इस संबंध में अभियान के प्रभारी डा. बलबीर सिंह ने बताया कि इंद्रधनुष अभियान का यह तीसरा चरण है। अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए उनका टीकाकरण कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों टीकाकरण और पोलियो ड्रॉप अभियान से छूटे बच्चों का टीकाकरण करने के लिए अभियान शुरू किया गया है, जो 14 जून तक चलेगा। इस दौरान डा. बीबी राम, डा. रवीन्द्र शर्मा, अभियान के प्रभारी डा. बलबीर सिंह, महिला अस्पताल की सीएमएस सहित कई लोग मौजूद रहे।