गोला में नाला और गोकर्ण तीर्थ का चबूतरा ढहा
दो दिन से हो रही बरसात से नगर और क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। सड़कें जलमग्न हैं तो पहली भारी बारिश ने नगर में सफाई अभियान की पोल खोल दी है।
दो दिन से लगातार हुई बारिश से किसानों में हर्ष है वहीं नगर में नाला, नाली चोक होने के कारण मिल डायवर्जन रोड, तीर्थ गली, सिनेमा रोड, मोहम्मदी रोड, अलीगंज रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। मिल डायवर्जन रोड पर डॉ. बीआर अंबेडकर पार्क से हनुमान मंदिर के पास तक पूरा मार्ग तालाब बन गया है। वहीं तीर्थ गली में बरसाती पानी के साथ नाला नाली चोक होने से सड़कों पर गंदगी फैल गई है। इससे मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी हो रही है। इससे नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था और नालों के तलीझाड़ सफाई के दावों की कलई खुल गई है।
लगातार हुई बारिश से गोकर्णतीर्थ में निर्माणाधीन आरती स्थल चबूतरा और सिनेमा रोड, लखीमपुर रोड को जोड़ने वाले मार्ग के किनारे बना नाला ढह गया है।
ममरी। शनिवार सवेरे तेज आंधी गरज चमक के साथ झमाझम बरसात होने से न केवल मौसम सुहावना हो गया बल्कि किसानों के चेहरों पर रौनक दौड़ गई। उन्होंने धान की रोपाई शुरू कर दी है।
मैलानी। बीती रात से सुबह तक हुई झमाझम बारिश से यहां खेत, खलिहान, ताल, तलैया सब लबालब हो गए हैं तो किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। निचले इलाकों में खेतों में अत्यधिक जलभराव हो जाने से धान की पौध रोपाई का काम प्रभावित हुआ है।
बांकेगंज। शुक्रवार रात एक बजे के बाद हुई मूसलाधार बारिश मोहल्लों और मेन मार्केट की गलियां नाला बन गई हैं। सफाई कर्मियों की मनमानी के चलते मोहल्लों की गलियों में आधा फुट से अधिक जलभराव हो गया है।
खीरी टाउन। लगातार हो रही बारिश से खीरी कस्बे में अनेक जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। बाजार में दुकानों में पानी भर जाने से काफी नुकसान हुआ है। कस्बे के मोहल्ला बुखारी टोला, सैयदवाड़ा, शेखसराय हनिया टोला, डीहपुर, कटरा, अरनीखाना और जोशी टेाला आदि मोहल्लों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाजार में परचून की दुकानों और कपड़ा मंडी में कपड़े की दुकानों में बरसाती पानी भर जाने से कपडे़ और सामान खराब हो गया।
बारिश से दीवार गिरी, महिला घायल
रजागंज। तहसील सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सियाथू में बारिश से कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। इसके नीचे दबकर गांव निवासी स्वामी दयाल यादव की 44 वर्षीय पत्नी सुखरानी गंभीर घायल हो गई। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने मलवा हटवाकर महिला को बाहर निकाला और इलाज के लिए रजागंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।