लखीमपुर खीरी। उसम भरी गर्मी अपना कहर बरपा रही है। पारा एक बार फिर बढ़ रहा है। न्यूनतम पारा भी पिछले दिन की अपेक्षा दो डिग्री बढ़ा। इससे रात में मौसम गर्म रहा।
वहीं दिन में चिलचिलाती धूप की वजह से लोगों का परेशान होना पड़ा। शाम को हल्की बारिश के बाद उमस और बढ़ गई। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए बारिश का अनुमान बताते हुए बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जबकि न्यूनतम पारा 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को सताया। चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी ने कोई राहत नहीं दी। बीच-बीच में बादल छाए, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। शाम करीब पांच बजे हल्की बारिश हुई, जिससे उमस और बढ़ गई। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले चार दिनों तक हल्की बारिश व हवाओं के साथ बादल छाए रहेंगे। इससे पारा गिरने का अनुमान है।