गोला और पलिया में वन्य प्राणी सप्ताह का समापन, बांटे पुरस्कार
दुधवा टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणी सप्ताह के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह और प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।
एक से सात अक्तूबर तक मनाए जाने वाले वन्य प्राणी सप्ताह के तहत दुधवा नेशनल पार्क में स्कूली बच्चों की निबंध, चित्रकला, आशु व्याख्यान, क्विज आदि तमाम प्रतियोगिताएं हुईं थी। वन्य प्राणी सप्ताह के समापन के मौके पर दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर सुनील चौधरी, डिप्टी डायरेक्टर महावीर कौजलगि, वार्डन एनके उपाध्याय द्वारा आए हुए लोगों को वन्य प्राणी सप्ताह के महत्व को विस्तार से बताया। स्कूलों की हुई प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में एडमांटन स्कूल के मोहम्मद हसनैन प्रथम, विवेकानंद स्कूल के सरनदीप सिंह द्वितीय तथा त्रिकोलिया के एक स्कूल की मोनिका कश्यप तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में गुरु तेग बहादुर स्कूल की विधि शर्मा और दून स्कूल पलिया की परवीन कौर प्रथम, टाइगर हैवेन सोसाइटी की मीनाक्षी राठौर और विवेकानंद एकेडमी की मनदीप कौर द्वितीय तथा विवेकानंद स्कूल की ज्योति सिंह और इंडियन एकेडमी की मारिया मुमताज तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता जूनियर वर्ग में गोल्डन फ्लावर के अभिषेक कुमार प्रथम, कैंब्रिज स्कूल के जुगनू यादव द्वितीय तथा गुरुकुल एकेडमी के सरफरोज अंसारी तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में गोल्डन फ्लावर के रनवीर सिंह प्रथम, गौतम बुद्ध इंटर कालेज की हरप्रीत कौर द्वितीय, गुरुकुल एकेडमी के अजय वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। आशु व्याख्यान में गोल्डन फ्लावर के रिषभ मौर्या प्रथम, दून स्कूल के कुशल अग्रवाल द्वितीय तथा इंडियन एकेडमी के आदित्य पांडेय और गुरुकुल एकेडमी की भाव्या रंजन संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। मेगा क्विज प्रतियोगिता में टाइगर हैवेन सोसाइटी ने बाजी मारते हुए पहला स्थान पाया। जबकि दि इंडियन एकेडमी स्कूल द्वितीय तथा श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल महंगापुर तृतीय स्थान पर रहा। कर्मचारियों की हुई दौड़, लंबी कूद, रस्साकसी आदि प्रतियोगिताओं में विजेता रहे कर्मचारियों को भी पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बिली अर्जन सिंह पुरस्कार अम्बरगढ़ टीम को दिया गया। जबकि मीरा बलराम सिंह पुरस्कार पर किशनपुर रेंज ने कब्जा किया। पीपी मेमोरियल पुरस्कार बेलरायां रेंज को जबकि दुधवा फाउंडेशन की तरफ से गौरीफंटा रेंज के वन्यजीव रक्षकों को सम्मानित किया गया। फील्ड डायरेक्टर सुनील चौधरी की तरफ से दस कर्मचारियों को विभागीय प्रशस्ति पत्र दिया गया। टाइगर हैवेन सोसाइटी के जयराज सिंह, दुधवा फाउंडेशन के सुनील जायसवाल, बांबे नेचुरल आफ सोसाइटी की अलका दुबे, फजरूल रहमान सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। वन्य प्राणी सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत हुई प्रतियोगिता के विजेताओं को समारोह पूर्वक पुरस्कृत किया गया। मां शारदे विद्या मंदिर के अंकित कुमार और सरस्वती शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज से आशीष झा को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
भारत भूषण कॉलोनी स्थित रामजानकी विद्या मंदिर इंटर कालेज में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि आईएफएस दीक्षा भंडारी और विशिष्ट अतिथि रेंजर उमेशचंद राय ने वन्य प्राणी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया है। मां शारदे विद्या मंदिर से अंकित कुमार प्रथम, मृदुल अवस्थी द्वितीय, शिवम विश्वकर्मा तृतीय, ब्राइटलैंड से आकिब खान, सरस्वती शिक्षा मंदिर इंटर कालेज से आशीष झा, कृषक समाज से बाशिद अली प्रथम स्थान पर रहे। साथ ही कनक मिश्र, अंशिका अवस्थी, सलमान सिद्दीकी आदि को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि दीक्षा भंडारी ने कहा कि वन्य प्राणी और पर्यावरण के प्रति सभी को जागरूक होना होगा। उन्होंने वन्य प्राणियों के संरक्षण पर जोर दिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता राष्ट्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी संचार भारत सरकार द्वारा संचालित विज्ञान प्रसार के विपनेट क्लब द्वारा कराई गई थी। जिसमें विभिन्न संस्थाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पेड़ पौधों, वन्य प्राणी बाघ के जीवन चक्र पर प्रश्न पूछे गए। संचालन संजीव दीक्षित ने किया। प्रधानाचार्य राधा माहेश्वरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर देवेंद्र सिंह श्रवण माहेश्वरी, अशोक माहेश्वरी, दानिश, निशा बानो, लवकुश, दिव्या वर्मा, पूजा आदि मौजूद रहे।
बिस्कुट पैकेटों को किया वापस
पलिया। एक तरफ दुधवा में पॉलिथीन आदि का प्रयोग न करने पर जोर दिया जा रहा था। इस दौरान पब्लिक इंटर कालेज संपूर्णानगर के बच्चों ने लंच पैकेट में पॉलिथीन के बिस्कुट मिलने पर बिस्कुटों को पार्क प्रशासन को वापस कर दिया तथा पॉलिथीन मुक्त पर्यावरण बनाए जाने की नसीहत भी पार्क प्रशासन को दे डाली। यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।