कार्यशाला में एडीएम बोले- एक अप्रैल से खुलेंगे क्रय केंद्र
प्रत्येक क्रय केंद्र पर दो इलेक्ट्रानिक कांटा रखना अनिवार्य
लखीमपुर खीरी। सरकारी गेहूं खरीद 2022-23 के लिए एक अप्रैल 2022 से क्रय केंद्र खुलेंगे। क्रय केंद्रों की व्यवस्था को लेकर बुधवार को जिला खरीद अधिकारी/एडीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में क्रय केंद्र प्रभारियों की कार्यशाला हुई।
कार्यशाला में एडीएम ने कहा कि प्रत्येक क्रय केंद्र को किसानों का गेहूं खरीदने के लिए सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक (नौ घंटे) खोला जाएगा। रविवार व राजपत्रित अवकाश को छोड़कर रोजाना क्रय केंद्र खुलेंगे। प्रत्येक केंद्र पर दो इलेक्ट्रानिक कांटा, एक नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन, पॉवर डस्टर, डबल जाली छलना अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में गेहूं खरीद की तैयारियों के संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने बताया कि 139 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। सभी मंडियों में 10 से 15 तक क्रय केंद्र खुलेंगे। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद इलेक्ट्रानिक प्वाइंट ऑफ परचेज (ई-पॉप) मशीन के माध्यम से किसानों से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा की जाएगी।
गेहूं खरीद का प्रत्येक विवरण ई-उपार्जन माड्यूल पर फीड करना होगा। केवल ऑनलाइन टोकन व्यवस्था द्वारा निर्धारित तिथि पर खरीद को ही मान्यता दी जाएगी। मंडियों में नीलामी का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यदि बोली समर्थन मूल्य 2015 से कम पर आती है तो अनिवार्य रूप से उस किसान का गेहूं क्रय केंद्र पर क्रय किया जाएगा। नीलामी प्रक्रिया का शार्ट वीडियो क्लिप बनाकर संबंधित मंडी सचिव के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजा जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि किसानों से खरीदे जाने वाले गेहूं की डिलीवरी अगले दिन एफसीआई डिपो में अनिवार्य रूप से की जाएगी। क्रय केंद्र पर प्रभारी के अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्यशाला में मंडी सचिव सुधांशु कुमार, एएमओ प्रमोद गुप्ता समेत सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक और क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।