पलियाकलां / लखीमपुर खीरी। हाथरस में बिटिया के साथ हुई घटना को लेकर लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। इसी के चलते जिले में कई स्थानों पर विरोध स्वरूप विभिन्न संगठनों के लोगों ने कैंडल मार्च निकाले। बिटिया की मौत पर गम का इजहार करते हुई श्रद्धांजलि भी दी।
पलियाकलां। वाल्मीकि समाज की महिलाओं और पुरुषों ने वाल्मीकि मंदिर से कैंडल मार्च निकाला जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ चौकी तिराहे पर पहुंचा। यहां सभी ने बिटिया की मौत पर गम का इजहार करते हुए हाथरस की घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की।
संपूर्णानगर। सपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला, बिटिया को इंसाफ दिलाने की मांग की। साथ ही दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस दौरान नगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बिन्नी, वकील खान, नरेश मेहता, धीरेंद्र श्रीवास्तव, इश्तियाक खान, धीरेंद्र त्रिपाठी, चरनजीत सिंह लाली, संजय मौजूद रहे।
ओयल। सफाई कर्मचारी संघ की मंडल सचिव रजनी देवी, करन वाल्मीकि, खुशीराम आदि ने सफाई कर्मचारियों के साथ कैंडल मार्च निकाला। बिटिया को श्रद्धांजलि दी। दोषियों को फांसी देकर जल्द न्याय दिलाने की मांग की। संवाद
बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के सुदूर गांव कौआखेड़ा के युवाओं ने देश के अंदर हो रहे महिला अपराधों पर अपना आक्रोश जाहिर कर देर शाम को मशाल जुलूस निकाला। मुख्य वक्ता दीपक पंडित ने कहा कि आज महिला अपराध बढ़े हैं। सरकार को और कड़े कानून बनाने चाहिए, जिससे ऐसे अपराधों पर रोक लग सके । यूसुफ अंसारी ने भी विचार रखे। जुलूस को प्रोफेसर सिद्धार्थ शुक्ला, सुधीर यादव, समाजसेवी अंकित त्रिवेदी ने भी संबोधित किया। अमरकांत, श्रीचंद, आयुष रस्तोगी, विकास वर्मा मौजूद रहे।
मैलानी। कैंडल मार्च डाकघर से शुरू होकर मेन मार्केट, खुटार रोड, पुराना बाजार होते, चमन चौराहा, रेलवे कॉलोनी होते हुए वापस डाकघर पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां लोगों ने बिटिया को श्रद्धांजलि दी। जुलूस में चेयरमैन के पति देवेंद्र प्रताप, प्रधान शंकर लाल, सपा जिला महासचिव नरेश यादव, पूर्व चेयरपर्सन अनीता यादव, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अवनीश अवस्थी, उदयभान वाल्मीकि शामिल हुए। जुलूस में शामिल लोग बिटिया के हत्यारों को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे।
मोहम्मदी। कांग्रेसियों ने बिटिया को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने के लिए यात्रा निकाली। इस मौके पर सत्यबंधु गौढ़ , बलराम वरुण, अनिल गुप्ता, विमल मिश्रा, सुआ लाल अवस्थी आदि मौजूद रहे।