पलिया मंडी समिति में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान व अन्य नेता। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। धान क्रय केंद्र की संख्या बढ़ाने, एमएसपी पर धान की तौल कराने, बकाया गन्ना भुगतान ब्याज समेत कराने के अलावा हाथरस व बलरामपुर में बालिकाओं के साथ हुए अपराध में दोषियों को फांसी दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले मंडी समिति में सभा का आयोजन किया गया। इसमें सपा, कांग्रेस, भाकपा माले आदि के नेताओं ने शिरकत करते हुए प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। साथ ही दो अलग-अलग ज्ञापन एसडीएम को दिए। इन ज्ञापनों में तमाम मुद्दों को विस्तार से रखा गया है।
मंडी समिति के प्रांगण में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की तरफ से किसानों की सभा का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। इसके बाद एसडीएम डॉ अमरेश कुमार तथा तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को दो अलग-अलग ज्ञापन दिए। इसमें से एक ज्ञापन में सरकारी क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर एमएसपी पर तत्काल खरीद शुरू किए जाने की मांग की। साथ ही पलिया तहसील में क्रय केन्द्रों की संख्या को बढ़ाने की बात विस्तार से रखी गई। इसके साथ ही गन्ना मूल्य का ब्याज समेत भुगतान दिलाने की मांग की गई। दूसरे ज्ञापन में बलरामपुर तथा हाथरस की घटनाओं की निंदा करते हुए दोषियों को शीघ्र फांसी देने की मांग की गई। इस दौरान गुरप्रताप सिंह, हरमन सिंह, सोहेल खान, मनप्रीत सिंह कंडोला, गुरदयाल सिंह, तेजपाल सिंह, इंद्रजीत औलख, अंजनी दीक्षित, कुलदीप सिंह, रवि राय, कुलदीप सिंह के अलावा सपा से पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुरप्रीत सिंह जार्जी, फुरकान अंसारी, जफर अहमद टीटू, अताउर रहमान खान, कांग्रेस से पूर्व सांसद जफर अली नकवी के पुत्र सैफ अली नकवी, सचिन शाह, अमर गुप्ता, भाकपा माले से कमलेश राय, आरती राय समेत काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।