कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए एसीएमओ डॉ. वीबी राम ने कहा कि देश में लड़कों के अनुपात में लड़कियों की संख्या लगातार घट रही है यह चिंता की बात है। उत्तर प्रदेश में 1991 मे 1000 पर 927 लड़कियां थीं। जो पिछले दो दशकों में 25 अंक गिरकर 2011 में 902 रह गई है। सबसे चौंकाने वाला और निराशाजनक तथ्य यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों की अपेक्षा बालिकाओं का अनुपात तेजी से गिरा है। इस पर गंभीर चिंतन करना होगा।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी आजमगढ़ राजीव चतुर्वेदी ने कहा कि अब बालिकाओं की लगातार कम हो रही संख्या का असर दिखने लगा है। इस विषय पर लोगों में जागरूकता जरूरी है। संचालन करते हुए राजेश बरनवाल ने इस विषय पर जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन पर लायंस क्लब के सचिव आर्येंद्र पाल सिंह ने स्वच्छता के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कालेज प्रबंधक डॉ. राकेश माथुर ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर देकर 23 बालिकाओं ने पुरस्कार जीते। इन्हे विभाग की ओर से प्रमाणपत्र भी दिए गए। कार्यक्रम में समाजसेवी राजेश दीक्षित, यूथ हॉस्टल, के अध्यक्ष कौशल किशोर वर्मा और मोहम्मद शकील समेत कॉलेज के तमाम शिक्षक मौजूद रहे।