लखीमपुर खीरी। शहर के एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पर परिजनों जमकर हंगामा किया।
शहर के कनौजिया कॉलोनी निवासी राजा खान की पत्नी गुलफ़्शा (23) को प्रसव पीड़ा होने पर एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि विवाहिता को शनिवार शाम करीब चार बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। तब तक सभी कुछ सामान्य था। डॉक्टर ने ऑपरेशन किया, इसके बाद विवाहिता ने सांस लेने में दिक्कत की बात बताई। आरोप है कि डॉक्टर ने गंभीरता से नहीं लिया। ऑपरेशन के कुछ देर के बाद विवाहिता की मौत हो गई। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए और देर शाम अस्पताल में काफी हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल हेमंत राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। समझाने-बुझाने के बाद विवाहिता के परिजनों को शांत कराया। विवाहिता ने एक बेटी को जन्म दिया है, जो पूरी तरह से स्वस्थ बताई जा रही है। शहर कोतवाल ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।