- सिपाही के रवैये का विरोध कर काटा हंगामा
नगर पालिका परिषद लखीमपुर के मतदान केंद्रों पर पुलिस कर्मियों ने एजेंटों के खाना-पानी पर रोक लगाने की कोशिश की, जिससे एजेंट भड़क गए। एजेंटों का कहना था कि पुलिस ने खुद तो खाना खा लिया, लेकिन उनके खाने के पैकेट लौटाने की कोशिश की। आरोप है कि पानी की बोतलें तक पुलिस ने नहीं बंटने दीं।
इस्लामिया इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर एजेंटों का पारा चढ़ गया और उन्होंने पुलिस कर्मियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने खाना, चाय अंदर वितरण की अनुमति दे दी। आर्य कन्या इंटर कॉलेज में भी पुलिस कर्मियों ने लंच पैकेट देने आए एक एजेंट को धमकाकर भगा दिया।
मतदान के दौरान दोपहर साढ़े 11 बजे मतदान केंद्र इस्लामिया इंटर कॉलेज में एजेंटों को चाय और लंच पैकेट देने के लिए कुछ लोग पहुंचे, तो वहां गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें खदेड़ दिया। मिनरल वाटर की बोतलें तक एजेंटों को देने से मना कर दिया। भूख-प्यास से बिलबिलाए एजेंटों ने लामबंद होकर पुलिस कर्मियों के रवैये का विरोध किया। सभी एजेंट एक राय होकर गेट पर पहुंचे, पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। एजेंटों ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने खुद तो खाना खा लिया, लेकिन उनके लंच पैकेट बाहर से ही वापस करा दिए। पानी पीने तक पर पुलिस द्वारा पाबंदी लगाई जा रही है। महिलाओं के साथ आने वाले छोटे बच्चों को लेकर भी पुलिस कर्मी वोटरों को धमकाते रहे। इन आरोपों से घिरे पुलिसकर्मी बैकफुट पर आ गए, जिसके बाद लंच पैकेट अंदर ले जाने की अनुमति दे दी गई।
उधर, आर्य कन्या इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर दोपहर साढ़े 12 बजे एजेंटों को लंच पैकेट बांटना एक युवक को भारी पड़ गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने युवक के बार-बार आने का हवाला देते हुए जेल भेजने की धमकी देकर भगा दिया। इससे पोलिंग बूथों के एजेंट सकते में आ गए।
पुलिस के निशाने पर रहे खुराफाती, आठ धरे
लखीमपुर खीरी।
नगर निकाय चुनाव में पुलिस की सतर्कता से चुनाव शांतिपूर्वक निपट गया। पुलिस ने मतदान केंद्रों और पोलिंग बूथों पर कड़ी नजर रखी। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले आठ लोगों को पुलिस ने धर दबोचा, जिन्हें मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मुचलके पर छोड़ दिया। एसएसआई काली प्रसाद गौड़ ने बताया कि पकड़े गए सभी आठों आरोपियों को निजी मुचलका भरवाकर मतदान समाप्त होने के बाद छोड़ दिया गया है। पुलिस की सतर्कता से खुराफातियों में हड़कंप मचा रहा।
द्वरिकापुरी और मिश्राना में भी हुई झड़प
लखीमपुर खीरी। फर्जी वोट डालने को लेकर मोहल्ला द्वारिका पुरी में स्थित सहकारी गन्ना समिति और मिश्राना स्थित प्राथमिक स्कूल मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डालने को लेकर विवाद हो गया। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों को डंडे फटकार कर खदेड़ दिया। शांतीनगर में भी छिटपुट झड़प हुई। शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि तीनों स्थानों पर फर्जी वोट डालने को लेकर प्रत्याशियों में हल्की फुल्की हॉटटॉक हुई थी।
एडीजी लखनऊ ने देखे मतदान केंद्र
लखीमपुर खीरी। एडीजी लखनऊ अभय कुमार दोपहर बाद लखीमपुर पहुंचे। उन्होंने एसपी के साथ शहर के गुरुनानक इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्रों पर जाकर बूथों का निरीक्षण किया। वहां व्यवस्थाएं देखीं। इसके अलावा दो अन्य बूथों का निरीक्षण किया। फिर वापस लौट गए।