संसारपुर। रविवार की सुबह गोला-खुटार हाईवे पर नौवाखेड़ा के पास एसयूवी और वैगनआर की टक्कर में तीन लोगों की मौत मामले में पुलिस अभी तक ट्रैक्टर चालक को नहीं पकड़ सकी है। घटना के बाद पुलिस ने ईंट भरी ट्रॉली को तो कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक की तलाश नहीं कर सकी है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद पिथौरागढ़ से पहुंचे परिजन मृतकों के शव रविवार रात लेकर अपने गांव चले गए।
रविवार को एसयूवी सवार पांच दोस्त उत्तराखंड पिथौरागढ़ से चलकर अयोध्या रामलला के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। ओवरटेक करने के चक्कर में कार पहले ईंटों भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, फिर सामने से आ रही वैगनार से टकरा गई। हादसे में एसयूवी सवार चंचल सिंह पुत्र मोहन सिंह ग्राम बबेती पिथौरागढ़, कुंदन सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह निकट आर्मी पब्लिक स्कूल कॉलोनी जाजर देवल पिथौरागढ़, प्रतीक शर्मा उर्फ सौरभ पुत्र भवन शर्मा निवासी बाराकोट लोहाघाट चंपावत उत्तराखंड की मौत हो गई थी। नरेंद्र सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम बिन पिथौरागढ़ और अनिकेत बोहरा पुत्र दीपक बोहरा पिथौरागढ़ घायल हो गए थे। दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग घायल हुए थे। मृतकों के परिजन रविवार देरशाम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद तीनों के शवों को परिजन पिथौरागढ़ के लिए रवाना हो गए थे।
तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस
गोला-खुटार नेशनल हाईवे पर हादसे में तीन की मौत के मामले में अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना में मृत युवकों के परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस ट्रैक्टर स्वामी व चालक की तलाश नहीं कर सकी है।