लखीमपुर खीरी के पलियाकला इलाके में थारू क्षेत्र के बनकटी उपकेंद्र पर तैनात बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर और दो अन्य पर एक किशोरी ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बिजली निगम की एक टीम ने विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
पलियाकला क्षेत्र निवासी एक किशोरी ने बिजली निगम के अधिकारियों से छह नवंबर को जेई और दो अन्य पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस को भी शिकायती पत्र दिया गया है। आरोप है कि पांच मार्च को शाम सात बजे जेई राजकुमार अपने सहयोगी आकाश कुमार और कपूर राना के साथ उसके घर पहुंचे और बिजली बिल दिखाने की बात कही। मां ने जब बिल दिखाया तो उन्होंने फाड़ दिया।
चार दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
आरोप है कि आकाश ने किशोरी से अपशब्द कहते हुए छेड़खानी की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जेई कार में बैठे चुपचाप बस देखते रहे। चार दिन बाद मामले में पुलिस ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पलिया सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर चंदनचौकी कोतवाली पुलिस ने बनकटी के जेई राजकुमार, आकाश कुमार व कपूर राना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एक्सईएन निशांत ज्योति ने बताया कि मामले में जिस दिन किशोरी ने शिकायतीपत्र दिया था, उसी दिन उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया था। गोला की एक टीम ने जांच शुरू की है, जांच होने के बाद ही आगे विभागीय कार्रवाई हो सकेगी।