- तीन माह बाद भी नहीं कर सके पौधों का इंतजाम
- 1167 ग्राम पंचायतों में लगाने हैं 1.21 लाख पौधे
पर्यावरण को समृद्ध बनाने के लिए हाल में ही मुख्यमंत्री के आह्वान पर प्रदेश में पांच करोड़ पौधों का रोपण कराया गया, जिसके तहत इस जिले में भी लक्ष्य 12 लाख के सापेक्ष 11 लाख पौधे रोपे गए थे। वहीं, ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कराया जाना है, लेकिन तीन माह बीतने के बावजूद अभी तक इंतजाम नहीं हो सके हैं। अधिकारियों की बेफिक्री का आलम यह है कि अभी ग्राम पंचायतों ने नर्सरी से पौधों को खरीदने के लिए संपर्क ही नहीं किया है।
वर्ष 2016-17 में 1167 ग्राम पंचायतों में एक लाख 21 हजार 368 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 0.16 हेक्टेअर क्षेत्रफल में कम से कम 104 पौधे लगाने हैं। अभी तक किसी भी ब्लाक में पौधारोपण नहीं कराया गया है। जबकि तीन माह पूर्व 27 अप्रैल 2016 को उपायुक्त श्रम रोजगार पीके राय ने ब्लाक वार लक्ष्य आवंटित कर आदेश जारी किए थे। यह पौधारोपण मनरेगा के तहत कराया जाना है, जिसके संबंध में ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए जा चुके हैं। वर्षा ऋतु में पौधारोपण कराया जाना है, लेकिन ग्राम पंचायतों में जैसी तैयारियां हैं उससे समय पर पौधारोपण कराया जाना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है। सीडीओ अमित सिंह बंसल ने बताया कि पौधारोपण के लिए सभी ब्लाकों और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए जा चुके हैं। सभी ब्लाकों को रिमाइंडर भेजा गया है, लेकिन अभी किसी ब्लाक से पौधारोपण किए जाने की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
ब्लाकवार पौधारोपण का लक्ष्य
बांकेगंज 5200
बेहजम 8424
बिजुआ 8320
धौरहरा 5096
ईसानगर 8424
कुंभी 7996
लखीमपुर 11336
मितौली 9464
मोहम्मदी 11128
नकहा 7592
निघासन 6860
पलिया 7904
पसगवां 11336
फूलबेहड़ 7592
रमियाबेहड़ 4992