जेठ की गर्मी लोगों पर भारी पड़ने लगी है। कलेंडर में तारीख बढ़ने से साथ तापमान भी चढ़ता जा रहा है। सुबह से होने वाली कड़ी धूप के कारण लोगों की परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं। गर्मी जनित बीमारियों से लोगों को जूझना पड़ रहा है। भीषण गर्मी से जिले भर में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन भर कड़ी धूप रही। गर्म हवाओं ने गर्मी में और ज्यादा इजाफा कर दिया। कड़ी धूप के कारण सुबह से लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। आसमान से जैसे शोले बरस रहे हों, चिलचिलाती धूप से सड़कें भी तपने लगीं इससे लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में बाजार में सन्नाटा पसरा नजर आया।
गर्मी के चलते डीएम के आदेश पर इंटरमीडिएट तक स्कूल कॉलेज 20 मई तक के लिए बंद कर दिए गए है। इसके बावजूद बच्चों को ट्यूशन, कोचिंग आदि पढ़ने जाने में दिक्कत हो रही है। गर्मी के कारण लोगों की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
उफ गर्मी, आमजन बेहाल
ममरी। बीते चार दिनों से हो रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से सभी व्याकुल हो उठे हैं। मवेशी और बच्चे नहर के शीतल पानी में डुबकी लगाकर गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी का प्रकोप यदि इसी तरह जारी रहा और बिजली की कटौती होती रही तो संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।