लखीमपुर खीरी। बाहर से जिले में आने वाले लोग जिला प्रशासन की रडार पर रहेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने बाहर से आने वाले लोगों का ब्यौरा इकट्ठा कराना शुरू कर दिया है। डीएम ने रोडवेज बस अड्डे के एआरएम को विभिन्न शहरों में आने वाले यात्रियों का ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस पर परिचालक दूसरे राज्यों से आ रहे यात्रियों का रिकार्ड दर्ज कर रहे हैं।
जिले में कोरोना के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं। अधिकतर वही लोग संक्रमित निकल रहे हैं जो दिल्ली, मुंबई या फिर दूसरे राज्यों से आए हैं या फिर आ रहे हैं। इसको लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है साथ ही प्रवासियों पर पूरी तरह से नजर रख रहा है। डीएम ने एआरएम को अन्य स्थानों सेजिले में आने वाले लोगों का रिकार्ड इकट्ठा कराना शुरू कर दिया है। ऐसे में जो लोग बाहर से जिले में आ रहे हैं परिचालकों को उनका नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, जिले से जाने और वापस आने का दिन एक निर्धारित प्रारूप पर दर्ज करना होगा और लखीमपुर आकर सूची जिला प्रशासन को मुहैया करानी होगी। इस तरह से जिला प्रशासन दूसरे राज्यों से आने वालों की जांच कराकर उन पर नजर रख सकेगा।
दिल्ली जाने वाली बसों से जो यात्री वापसी कर रहे हैं उनका ब्यौरा दर्ज करने के लिए परिचालकों को एक प्रारूप दिया है, जिससे दिल्ली और अन्य राज्यों से आने वालों की जानकारी जिला प्रशासन को हो सके।
-एसपी सिंह, एआरएम, लखीमपुर डिपो
डीएम की अपील... दिल्ली सहित एनसीआर से आए प्रवासियों की कंट्रोल रूम पर दें सूचना
लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी जनपद वासियों से अपील की है कि अपने आसपास गांव, गली एवं मोहल्ले में दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र से आए व्यक्तियों की सूचना तत्काल कोविड कंट्रोल रूम के नंबर 9044399100, 8009022200, 05872-278100, 05872-252160, 05872-259985 पर अनिवार्य रूप से देकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका अदा करें। उन्होंने बताया कि दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र से आने वाले प्रवासियों के कोविड संक्रमित होने की ज्यादातर संभावना रहती है। सूचना के आधार पर ऐसे प्रवासियों को 14 दिन तक अनिवार्य रूप से होम क्वारंटीन किया जाएगा और निगरानी समितियों के माध्यम से होम क्वारंटीन में रह रहे व्यक्ति पर सतत निगरानी रखी जाएगी। ब्यूरो
बनबसा व्यापार मंडल ने नेपाल बार्डर खोलने की मांग की
गौरीफंटा। कोरोना को लेकर गत तीन माह से बंद चल रहे गौरीफंटा, बनबसा के नेपाल बार्डर को खोले जाने की मांग बनबसा व्यापार मंडल ने भारतीय दूतावास से की है।
कोरोना के चलते भारत-नेपाल नाका बीते तीन माह से बंद चल रहा है। जिससे सीमा स्थित गौरीफंटा, बनगवां, बनबसा की मंडियों पर खासा असर पड़ा है। बनगवां बाजार तो बंद चल रहा है। उधर सीमावर्ती मंडी के व्यापारियों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी को लेकर बनबसा बाजार के व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बार्डर को खोले जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सीमा के सभी व्यापारियों का व्यापार चौपट हो गया है और नेपाल से उधारी भी वसूल नहीं हो पा रही है। जबकि नेपाल से रिटायर्ड जवान पेंशन लेने बनबसा, खटीमा, धारचुला आ रहे हैं। ऐसे में भारतीय व्यापारियों को भी नेपाल में आने-जाने की छूट दी जाए। इसको लेकर भारतीय और नेपाल दूतावास को पत्र लिखकर बार्डर पर सहूलियत देने या खोलने की मांग की गई है। संवाद