धनगढ़ी (नेपाल)। काठमांडू से धनगढ़ी आ रही बस बुधवार रात कपिलवस्तु जिले के पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर पैदल आ रहे व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद पलट गई। टक्कर लगने से पैदल जा रहे नेपाली की मौत हो गई। वहीं बस पलटने से उसमें सवार पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैलाली पुलिस के अनुसार, बुधवार को काठमांडू से धनगढ़ी आ रही बस रात करीब दो बजे कपिलवस्तु जिले के शिवनगर नगर पालिका वार्ड एक बनकसवास स्थित पूर्व पश्चिम राजमार्ग पर पहुंची ही थी कि यहां पैदल जा रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं हादसे में घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर, बस पलटने के बाद उसमें सवार 35 यात्रियों में जग्गराूम, भीम बहादुर, भरतनाथ, रितू लौहार व टेकंद्र खत्री घायल हो गए। उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। बस चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।