संपूर्णानगर। कस्बा के एक पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालकों पर डिग्री न देने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। यहां पलिया विधायक रोमी साहनी भी छात्र-छात्राओं के लिए थाने पहुंचे। छात्र-छात्राओं का कहना था कि उनको रुपये और पढ़ाई पूरी होने के बाद भी डिग्री नहीं दी गई है। विधायक रोमी साहनी ने छात्र-छात्राओं के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त न करने की बात कहते हुए पुलिस से कार्रवाई करने को कहा है।
कस्बा में एक पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट कुछ समय पूर्व संचालित हुआ करता था। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया था और पढ़ाई की थी। आरोप है कि बाद में किसी को डिग्री नहीं मिली। इस पर नाराज छात्र-छात्राओं ने थाने पहुंचकर पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। छात्राओं ने कहा कि इंस्टीट्यूट की तरफ से फीस ले ली गई, लेकिन डिग्री नहीं दी गई।
इससे पूर्व भी पलिया के एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में संपूर्णानगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दिव्या पैरामेडिकल के खिलाफ शिकायत आई है। इसके बाद प्रबंधक ओमप्रकाश कुशवाहा व मैनेजर दीपक राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।