दौलतापुर गांव में रास्ते पर शारदा नदी की बाढ़ का भरता पानी। संवाद
निघासन। पहाड़ों सहित मैदानी भागों में हुई झमाझम बारिश से शारदा नदी ने एक बार फिर से अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी के बाद पलिया के साथ-साथ निघासन क्षेत्र में भी बाढ़ ने दस्तक दे दी है। शारदा के किनारे बसे कई गांव जलमग्न हो गए हैं।
मझगईं थाना क्षेत्र के गांव दौलतापुर, धोबीपुरवा और हुलासीपुरवा आदि गांवों में बाढ़ का पानी खेतों में भर गया है। इससे किसानों की फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पश्चिम दिशा से पानी आना जारी है। इससे हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। निघासन क्षेत्र के गांव लुधौरी, गोविंदपुर, शिवलालपुरवा, रानीगंज, छेदुईपतिया और मुन्नापुरवा सहित करीब एक दर्जन गांवों के प्रभावित होने की संभावना है। गांवों में जलभराव की स्थिति बनती जा रही है, लेकिन प्रशासन की तैयारियां कागजों तक ही सीमित नजर आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो समय से बांधों की मरम्मत कराई गई और न ही राहत शिविरों की कोई तैयारी दिख रही है। ऐसे में बाढ़ का खौफ लोगों के चेहरों पर साफ झलकने लगा है।