लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायतों में होने वाली नीलामी से मिलने वाली धनराशि का 75 प्रतिशत हिस्सा अब पंचायतीराज विभाग को मिलेगा। प्रमुख सचिव पंचायती राज के आदेश के बाद जिले में इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिले की 309 ग्राम पंचायतों में अब तक नीलामी से 3.76 करोड़ रुपये का बजट राजस्व विभाग के पास है। इसमें से 75 प्रतिशत यानी 2.82 करोड़ रुपये पंचायतीराज विभाग को देने का आदेश हुआ है। इसमें 39 लाख रुपये मिल भी चुके हैं। अब तक नीलामी की पूरी धनराशि संबंधित राजस्व विभाग के पास रहती थी। अब 75 प्रतिशत हिस्सा पंचायतीराज विभाग को देने के निर्देश हुए हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार मोहम्मदी और पसगवां में सबसे अधिक 66-66 ग्राम पंचायतों की नीलामी की लाखों रुपये की धनराशि राजस्व विभाग के पास है। इसके अलावा लखीमपुर में 30, बिजुआ में 21, बांकेगंज और बेहजम में 18-18, पलिया में 17, कुंभी-गोला में 16, फूलबेहड़ में 13, मितौली और नकहा में 11-11, ईसानगर और रमियाबेहड़ में सात-सात, धौरहरा में छह और निघासन में दो ग्राम पंचायतों का बजट है।
डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग से मिलने वाला नीलामी का बजट संबंधित ग्राम पंचायतों को दिया जाएगा। इससे गांवों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा सकेंगे।