मकसोहा स्कूल में निरीक्षण के दौरान बच्चों से बात करते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार। स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। विभागीय अफसरों की अनदेखी से गांवों में पंचायत भवनों, सरकारी स्कूलों में अनियमितताएं हावी हैं। बुधवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने एक गांव में औचक निरीक्षण किया तो हकीकत सामने आ गई। ग्राम पंचायत भवन बंद मिला। साथ ही सरकारी स्कूल में भी काफी अनियमितताएं सामने आईं। सीडीओ ने संबंधितों को नोटिस जारी कर वेतन रोकने और जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने फूलबेहड़ ब्लाॅक के मकसोहा ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया, यहां पंचायत भवन बंद मिला। सीडीओ ने पंचायत सहायक का मानदेय रोकने और सचिव से जवाब-तलब कर वेतन रोकने का निर्देश दिया।
इसके बाद सीडीओ ने परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां भी हालात बहुत ही खराब मिले। शौचालयों में गंदगी की भरमार थी। पानी की व्यवस्था नहीं थी।
पंजिका में दर्ज उपस्थिति के अनुसार बच्चों की संख्या में भी भिन्नता मिली। इस अनियमितता पर सीडीओ ने बीएसए प्रवीण तिवारी को जांच के आदेश के साथ प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
साथ ही नए सत्र की पुस्तकें अब तक वितरित न होने पर खंड शिक्षा अधिकारी फूलबेहड़ की जवाबदेही तय करते हुए वेतन बाधित करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ विशाल सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।