पलिया बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद पर रामप्रकाश पाल ने जीत हासिल की है तो वहीं महामंत्री पद पर दिनेश दीक्षित चुने गए हैं। इसके अलावा उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष, अंकेक्षक और पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर एकल नामांकन होने से इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है।
पलिया बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के चुनाव के लिए अध्यक्ष पद पर रामप्रकाश पाल और विजय कुमार शुक्ला ने नामांकन कराया था तो वहीं महामंत्री पद पर दिनेश चंद्र दीक्षित और धर्मराज शाक्य के नामांकन हुए थे । इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र कुमार राठौर, संयुक्त मंत्री पद पर मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर विशाल कुमार श्रीवास्तव, अंकेक्षक पद पर रमाशंकर पांडे और पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर उमेश कुमार के एकल नामांकन हुए थे। यहां अध्यक्ष और महामंत्री पद पर चुनावी घमासान हुआ और बुधवार को यहां अध्यक्ष और महामंत्री चुनने के लिए मतदान हुआ। इसमें अधिवक्ताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। सुबह से मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह रहा और बूंदा बांदी के बीच मतदान होता रहा जो मध्याह्न करीब तीन बजे समाप्त हुआ। इसके बाद मतगणना शुरू हुई और इसमें अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता रामप्रकाश पाल को 82 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विजय कुमार शुक्ला को 22 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। महामंत्री पद पर दिनेश चंद्र दीक्षित को 72 वोट मिले और उनके प्रतिद्वंद्वी धर्मराज शाक्य को 32 वोट मिले। यहां कुल 104 मत पड़े जब कि पांच सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी जयप्रकाश चौबे, चुनाव अधिकारी नईम अहमद खान, इंतजार हुसैन खान, शिव विक्रम मिश्रा ने सभी के निर्वाचित होने की घोषणा की।