पांच फरवरी को होने वाले ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों की व्यय सीमा निर्धारित कर दी है। जिसके मुताबिक प्रत्याशी चुनाव में सिर्फ दो लाख रुपये तक ही खर्च कर सकेंगे।
इसके साथ ही प्रमुख पद के प्रत्याशियों की जमानत राशि और नामांकन पत्रों की फीस भी तय कर दी गई है। सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को जमानत राशि के रूप में 5000 रुपये और आरक्षित वर्ग को 2500 रुपये जमा करने होंगे। जबकि नामांकन पत्र की खरीद के लिए सामान्य वर्ग को 800 रुपये और 400 रुपये देने पड़ेंगे। बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रमुख पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। जिसमें पांच फरवरी को नामांकन, छह फरवरी को नाम वापसी, सात फरवरी को मतदान तथा उसी दिन शाम को मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यालय में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र बनाने का काम आखिरी चरण में पहुंच गया है।
--
दो पदों पर एक ही व्यक्ति का निर्वाचन हुआ
क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ऑनलाइन फीडिंग में मिलान के दौरान फूलबेहड़ और पलिया ब्लाक में बीडीसी सदस्य के दो पदों पर एक ही व्यक्ति के निर्वाचन का मामला सामने आया है। जिसे देखते हुए निर्वाचन कार्यालय से सभी बीडीओ को पत्र जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि ऐसे मामले चिह्नित कर एक पद से इस्तीफा देने के लिए बीडीसी सदस्य को नोटिस जारी किया जाएगा।
--
अभी सपा में ही दिख रहीं सरगर्मियां
फरवरी माह में होने वाले ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए सत्तारूढ़ दल सपा में ही सरगर्मियां देखी जा रही हैं। यहां सपा का समर्थन हासिल करने के लिए 15 ब्लाकों में 45 से 50 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आवेदन किया है। सभी प्रत्याशी समर्थन के लिए पार्टी नेताओं के यहां चक्कर भी काट रहे हैं। हालांकि अभी पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई है। वहीं अन्य दलों में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तक नहीं शुरू की गई है।