रामसिंह वर्मा वॉलीबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में धौरहरा की टीम ने रायपुर को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा तथा श्रीनगर विधायक रामसरन ने विजयी टीमों को पुरस्कृत किया।
खानपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में रामसिंह वर्मा की स्मृति में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला धौरहरा और रायपुर की टीमों के बीच हुआ। बेस्ट आफ फाइव के आधार पर खेले फाइनल मुकाबले में धौरहरा ने रायपुर की टीम को सीधे सेटो में 25-11, 25-15, 25-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में धौरहरा ने सिक्स स्टार बेहजम की टीम को 23-25, 25-20, 25-20 से तथा रायपुर ने तेजस क्लब खानपुर को 21-17, 16-21, 21-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में मुख्य निर्णायक शिवम व सह निर्णायक उमेश गौतम रहे। विजयी टीमों को सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा तथा श्रीनगर विधायक रामसरन ने पुरस्कृत किया। दोनों अतिथियों ने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा ऐसे आयोजनों से खेल क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अशोक वर्मा, प्रताप सिंह, शिक्षक श्यामसुंदर, रमेश, वेदयादव, वेदनाथ, मुंशी शंभूनाथ उपाध्याय, छेद्दूलाल, बहादुरलाल आदि मौजूद रहे।