लखीमपुर खीरी। सरकारी धान खरीद शुरू हुए 19 दिन बीत चुके हैं, लेकिन किसानों की दिक्कत अभी भी खत्म नहीं हुई है। किसान बेबस होकर औने-पौने दामों में धान बेचने को मजबूर हैं। उधर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर बड़ी संख्या में किसान पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए आदेश भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने तहसील के अंदर खुले क्रय केंद्रों पर राजस्व गांवों का संबद्धीकरण समाप्त कर दिया है। ताकि किसी भी क्रय केंद्र पर किसान अपना धान बेच सकें।
राजापुर मंडी में संचालित एफसीआई के क्रय केंद्र पर सोमवार को तौल बंद रही। केंद्र प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि धान रखने के लिए गोदाम में जगह नहीं बची है। इससे तौल बंद करनी पड़ी, जबकि अब तक 780 क्विंटल धान खरीदा गया है। इस केंद्र का धान कुटाई करने के लिए तीन राइस मिल संबद्ध हैं, लेकिन मिलों में धान भेजा नहीं जा रहा है। वहीं पीसीयू के क्रय केंद्र पर 448.80 क्विंटल धान खरीद हुई है। यहां पर धान बेचने आए मुडिया मिश्र निवासी किसान जगदेव सिंह ने बताया कि पंजीकरण कराने के बाद मिले टोकन से धान बेचने आए हैं। किसान ने बताया कि मंडी से बाहर खुले क्रय केंद्रों पर धान खरीदा नहीं जा रहा है। ऐसे ही मार्केटिंग के क्रय केंद्र पर 1057 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। सोमवार को भी कुछ और किसानों का धान खरीदा गया।
नकहा क्षेत्र के गांव निजामपुर रामदास निवासी किसान बलदेव सिंह ने बताया कि बेडनापुर में खुले क्रय केंद्र पर धान बेचने गए थे, लेकिन केंद्र पर धान नहीं खरीदा जा रहा है। फिर राजापुर मंडी में धान बेचने आए, तो यहां भी केंद्र प्रभारी सही से बात नहीं कर रहे हैं।
नकहा क्षेत्र से आए किसान हरप्रीत सिंह ने बताया कि बेडनापुर के क्रय केंद्र पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। बिचौलियों से धान खरीदकर कागज पूरे किए जा रहे हैं। आढ़तों पर व्यापारी 1000 से 1300 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीद रहे हैं।
शुरुआत में धान में नमी ज्यादा थी, जिससे खरीद धीमी रही। अब धान में नमी का कोई मामला नहीं रह गया है। इसके बाद क्रय केंद्रों पर खरीद में तेजी आई है। सभी केंद्र प्रभारियों को किसानों का धान खरीदने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-लालमणि पांडेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
-
धान खरीद को लेकर एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों के कसे पेंच
धौरहरा। तहसील सभागार में धान खरीद को लेकर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें एसडीएम ने क्रय केंद्र वार समीक्षा में काफी कम खरीद पाई। केंद्र प्रभारियों ने बताया: धान में नमी व कम आवक होने के कारण खरीद नहीं हो पा रही है। इस पर एसडीएम ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को फटकार लगाते हुए शासन की मंशा के अनुरूप किसानों का धान खरीदने के निर्देश दिए।
एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू होने के 19 दिन बाद भी सभी खरीद केंद्रों पर धान खरीद न होने का कारण जानने के लिए एसडीएम एस सुधाकरन ने तहसील सभागार में सोमवार को समीक्षा बैठक की। एसडीएम ने कहा कि यदि समय से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार खरीद नहीं की जाती है, तो संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रत्येक केंद्र प्रभारी क्षेत्र में किसानों से संपर्क कर उनका धान खरीदकर शासन द्वारा निर्धारित मूल्य के अनुसार भुगतान करें। यदि किसी केंद्र प्रभारी द्वारा धान खरीद में किसी भी प्रकार की कोई अनियमितता या लापरवाही की जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद क्षेत्रीय विपणन निरीक्षक एवं जिला प्रबंधक एनसीसीएफ को निर्देश दिए कि स्वयं क्रय केंद्रों का निरंतर निरीक्षण करते हुए आख्या उनके समक्ष प्रस्तुत करें।
--
अवैध खरीद मामले में तीसरे दिन भी दर्ज नहीं हुई एफआईआर
धौरहरा। एसडीएम एस सुधाकरन ने शनिवार को धान खरीद केंद्र खेसवाही और होलागढ़ कफारा का निरीक्षण कर दोनों केंद्रों पर अवैध खरीद पकड़ी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने दोनों केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध एफआईआर की संस्तुति रिपोर्ट डीएम को भेजी थी। मामले के तीसरे दिन भी दोनों केंद्र प्रभारियों पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। अभी डीएम की संस्तुति रिपोर्ट आने का इंतजार है। संवाद
--
धान खरीद न होने से गुस्साए किसानों ने मंडी में किया प्रदर्शन
मैगलगंज। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की अगुवाई में किसानों ने मंडी परिषद में सोमवार को धरना प्रदर्शन किया, जिससे तहसील प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने धान की तौल शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। काफी शोर-शराबे के बाद भी धान की तौल चालू नहीं हो पाई। मितौली तहसीलदार अवधेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह मौके पर पहुंचे।
मैगलगंज कस्बे में क्रय केंद्र पर धान तौलने के नाम पर किसानों के साथ छल किया जा रहा है। किसानों की इसी समस्या को लेकर किसान मजदूर संगठन ने मैगलगंज मंडी में प्रदर्शन किया। तहसीलदार ने किसानों की समस्या को सुना और पदाधिकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने आश्वासन दिया दो दिन के बाद किसानों के धान की तौल क्रय केंद्र मैगलगंज में चालू कर दी जाएगी। संवाद