गोला गोकर्णनाथ। रेलवे क्रॉसिंग पर पूरे दिन चले ट्रैक पैकिंग कार्य के चलते लखीमपुर मार्ग पर दिनभर आवागमन बंद रहा। इससे भारी वाहनों की कतारें लगीं रहीं, राहगीर परेशान रहे।
बृहस्पतिवार की सुबह बिना किसी पूर्व सूचना के रेलवे ने लखीमपुर मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास 155 नंबर रेलवे क्रॉसिंग के ट्रैक पैकिंग का कार्य शुरू करा दिया। मार्ग बंद होने की जानकारी न होने पर दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बिना पूर्व सूचना के मार्ग बंद होने से राहगीरों को परेशान होना पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक लखीमपुर मार्ग पर आवागमन बंद रहा।
वहीं रेलवे के एसएसई एसके पाठक ने बताया कि जिला और स्थानीय प्रशासन को दो दिन पूर्व रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाले कार्य की सूचना दे दी गई थी।
सिकंदराबाद होकर लखीमपुर भेजी गईं बसें
रोडवेज डिपो प्रभारी कमलेश वर्मा ने बताया कि सुबह अचानक मार्ग बंद होने की जानकारी हुई। इसके बाद से रोडवेज बसों का संचालन सिकंदराबाद होकर कराया गया है।