निघासन मुख्य चौराहे से पलिया जा रहा ओवरहाइट ट्रक। संवाद
निघासन। सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को एआरटीओ शांतिभूषण पांडे ने निघासन क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर ओवरहाइट व नियम तोड़ने वाले 40 वाहनों के चालान काटे। इस दौरान 15 ट्रक मालिकों को नोटिस भी भेजे गए। फिर भी ऐसे वाहनों पर रोक नहीं लगी।
कार्रवाई के दौरान निघासन-सिंगाही मार्ग पर बेलरायां चीनी मिल से जुड़े ओवरलोड और अनफिट तीन गन्ना लदे ट्रकों सहित कुल सात वाहनों को सीज किया गया। शनिवार को निघासन के मुख्य चौराहे से लेकर ग्रामीण मार्गों तक ओवरहाइट ट्रक बेधड़क गुजरते नजर आ रहे हैं। पलिया, गुलरिया और बेलराया चीनी मिल से जुड़े सैकड़ों गन्ना क्रय केंद्रों से ओवरलोड ट्रक गांवों के बीच से होकर निकल रहे हैं। इससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
शुक्रवार को बल्लीपुर गन्ना क्रय केंद्र से पलिया जा रहे एक ओवरहाइट ट्रक की चपेट में आकर बिजली के तार टूट गए थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पलिया चीनी मिल प्रबंधन से शिकायत की है। संवाद