फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: कटौती, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज ने बढ़ाई मुसीबत, शहर से गांव तक बिजली संकट पर फूटा गुस्सा

Mon, 29 Jun 2026 10:59 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
ट्रांसफाॅर्मर को बदलने की मांग करते हुए उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।  संवाद
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी के बीच कटौती, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। शहर से गांव तक बिजली संकट पर उपभोक्ताओं और किसानों का गुस्सा फूट रहा है। सोमवार को जिले के कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन हुए, जबकि सोशल मीडिया पर भी लोगों ने बिजली व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई। कहीं ट्रांसफाॅर्मर खराब होने से आपूर्ति ठप रही तो कहीं ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज ने लोगों को दिन-रात परेशान किया।
विज्ञापन

शहर के नई बस्ती उपकेंद्र से जुड़े राजापुर, राजाजीपुरम, काशीनगर, बहादुर नगर और महाराजनगर में रविवार रात कई बार बिजली गुल हुई। सोमवार को भी यही स्थिति बनी रही। सबसे अधिक परेशानी गढ़ी उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में रही। शास्त्रीनगर में ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज उड़ने से कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाद में फ्यूज जोड़ दिया गया, लेकिन आधे मोहल्ले में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। छाउछ, कलक्ट्रेट, ईदगाह और टाउन खीरी उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में भी उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा।
अधिशासी अभियंता प्रथम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमें लगी हैं और समस्याओं को दूर कराया जा रहा है।
-
15 दिनों से खराब ट्रांसफाॅर्मर, उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

बेहजम। ग्राम पंचायत पिपरी कला में ट्रांसफाॅर्मर 15 दिनों से खराब होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र बेहजम पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रांसफाॅर्मर बदलने की मांग की। उपभोक्ताओं का कहना था कि ट्रांसफाॅर्मर का ढांचा पड़ा है, जबकि जेई और एसडीओ फोन नहीं उठाते। बिजली न मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित है और सिंचाई न होने से फसलें सूख रही हैं।
विज्ञापन

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मांगों पर अड़े रहे। प्रधान हरिश्चंद्र ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर 15 दिनों से खराब है और कहीं सुनवाई नहीं हो रही। मितौली डिवीजन के अधिशासी अभियंता ने 15 दिन से ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की बात गलत बताते हुए कहा कि किसानों के प्रदर्शन की जानकारी मिली है और समस्या का समाधान कराया जा रहा है। संवाद

आंधी के बाद 10 घंटे ठप रही बिजली
बिजुआ। आंधी के दौरान पलिया-भीरा के बीच बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात करीब 12 बजे गुल हुई आपूर्ति 10 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी। अवर अभियंता रविशंकर ने बताया कि रात में ही टीमों को लगा दिया गया था और जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद

बरवर उपकेंद्र पर चार घंटे धरने पर बैठे किसान
पसगवां। भारतीय किसान मजदूर संघ ने लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर बरवर विद्युत उपकेंद्र पर चार घंटे धरना दिया। जिलाध्यक्ष गुरपेज सिंह सिद्धू के नेतृत्व में किसान चंदिला चौराहे से उपकेंद्र पहुंचे।
किसानों ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा मकसूदपुर फीडर के पैकीपुर, खुर्रमनगर, मड़ैया, गदनापुर और रसूलपुर तफज्जुल हुसैन गांवों को मोहम्मदी फीडर से जोड़ने की मांग की। चकपिहानी और चंदिला की विद्युत समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों ने 30 जून तक का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें