मैलानी। रेलवे में मान्यता प्राप्त यूनियन को लेकर होने वाले चुनाव में जीत के लिए संगठनों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
नामांकन कराने वाले एनई रेलवे मजदूर यूनियन, पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ सहित सभी संगठन पिछले काफी दिनों से प्रचार में लगे हैं। मंडल से लेकर जोनल स्तरीय पदाधिकारियों तक ने मैलानी, गोला, लखीमपुर, पलिया, तिकुनिया आदि जाकर कर्मचारियों से संपर्क किया। 4, 5, 6 दिसंबर को मतदान होगा। 6 दिसंबर को केवल रनिंग कर्मचारियों के वोट पड़ेंगे। रविवार शाम को प्रचार थम जाएगा।
लखीमपुर के रेलकर्मियों के सीतापुर में पड़ेंगे वोट
लखीमपुर में कार्यरत रेलकर्मियों के वोट सीतापुर के वेटिंग रूम में बनाए गए बूथ पर पड़ेंगे। इसके अलावा खीरी टाउन, कादीपुर सानी, ओयल आदि में कार्यरत कर्मचारियों के वोट भी सीतापुर में पड़ेंगे।
मैलानी, तिकुनिया के बूथों पर होगा मतदान
जिले में मैलानी और तिकुनिया में बूथ बनाए जाएंगे। मैलानी में मैलानी के अलावा दुधवा, पलिया, भीरा, बांकेगंज, गोला गोकर्णनाथ, रजागंज, फरधान, देवकली में कार्यरत कर्मचारियों के वोट पड़ेंगे। तिकुनिया बूथ पर तिकुनिया, बेलरायां, खैरटिया बांध रोड, मंझरा पूरब, बिछिया, मिहींपुरवा, गायघाट हॉल्ट में कार्यरत कर्मचारी वोट डालेंगे। मैलानी में 395, तिकुनिया में 90 और सीतापुर में 944 रेलकर्मी मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मैलानी, सीतापुर पोलिंग बूथ संवेदनशील
मान्यता प्राप्त यूनियन के लिए होने वाले चुनाव में मैलानी और सीतापुर पोलिंग बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जबकि तिकुनिया असंवेदनशील है।