लखीमपुर खीरी। बारिश की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को मौसम लगातार मायूस कर रहा है। बादल छाने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने से उमस जारी है। तेज धूप और बढ़ी नमी के कारण लोग दिनभर पसीने से तर-बतर रहे। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग ने जिले में आज से भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार को बीच-बीच में बादल छाने से बारिश की आस जरूर जगी, लेकिन राहत देने वाली बारिश नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी से बाजार और सड़कों पर भी लोग परेशान नजर आए। दोपहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया, जबकि न्यूनतम पारा 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शाम करीब पांच बजे गोला, पलिया, निघासन व बिजुआ सहित कुछ इलाकों में बारिश हुई। जहां लोगों को राहत मिली।