कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आज यहां कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण यूपी में समस्याओं का अंबार लगा है। यदि केंद्र्र सरकार किसानों को फसलों का उचित मुआवजा दे दे, तो यूपी का किसान खुशहाल हो जाएगा।
तिकुनियां कस्बे के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के खेल के मैदान पर हुई जनसभा में शिवपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसानों को धान और गन्ने की फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। देश में यदि चीनी का आयात न किया जाए, तो यूपी के किसान पूरे देश को चीनी दे सकते हैं। साथ ही उनको गन्ने का मूल्य भी सही ढंग से मिल जाएगा। देश की खाद फैक्ट्रियां बंद होने के कारण खाद की समस्या से भी यहां के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग आपके पास है। आप पूरे प्रदेश के किसानों की समस्या का हल कर सकते है। राष्ट्रीय महासचिव आनंद भदौरिया ने धौरहरा विधानसभा के हसनपुर कटौली से सीतापुर रास्ते पर पुल बनवाने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य राजीव गुप्ता ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। विधायक केजी पटेल ने भी विधानसभा की कई समस्याओं को उनके सामने रखा। डीएम किंजल सिंह ने कहा कि प्रदेश से लागू सारी योजनाओं को जिले में पूर्णत: लागू करना पहली प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत सदस्य राजीव गुप्ता ने किया।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल, अर्बन कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, गोपाल शंकर पांडे, चमन राना, ओमकार सिंह, राकेश श्रीवास्तव, महेश अग्रवाल, जगदीश लोधी, राकेश बाथम, श्रीप्रकाश शुक्ला, मुन्ना उस्मानी, जमाल प्रधान आदि मौजूद रहे।
इसके साथ-साथ डीएम किंजल सिंह, एसपी अरविंद सेन के अलावा पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इरफान अहमद, सिंचाई विभाग के गयास आलम के अलावा एसडीएम पीके सिंह, सीओ मोहम्मद इब्राहिम, सिंगाही, तिकुनियां समेत कई थानों की पुलिस तैनात रही।
यह लोग रहे मंचासीन
युवा कल्याण परिषद उपाध्यक्ष आरए उस्मानी, आनंद भदौरिया, रवि प्रकाश वर्मा, अनुराग पटेल, हिमांशु पटेल, यशपाल चौधरी, विधायक विनय तिवारी, बेनजीर उमर, रामसरन, आनंद भदौरिया आदि।
इन लोगों ने दिया उपहार
जिला पंचायत सदस्य राजीव गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को चांदी का मुकुट और गदा, राजीव गुप्ता की मां मधू गुप्ता ने स्मृति चिह्न, ओमकार सिंह ने सरोपा, शिक्षक संघ ने स्मृति चिह्न भेंट किया। इसके अलावा 55 किलो की माला पहनाई गई।
1.75 करोड़ योजनाओं का किया शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री ने जिले में सड़क, लिंक मार्ग, पुल तथा पुलियों की करीब 1.75 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा मोहाना नदी पर 11 करोड़ 92 लाख रुपये से बनीं ठोकरों का लोकार्पण किया।
केजी पटेल को मंत्री बनाने की मांग
दूसरे मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने विधायक केजी पटेल को मंत्री बनाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने कोई भी आश्वासन नहीं दिया।
बच्चों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत किया
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के छात्रों ने स्वागत गीत के बाद श्री राधा कृष्ण का नृत्य प्रस्तुत किया। जिस पर खुश होकर मंत्री ने उन्हें 5100 का पुरस्कार दिया।
‘विरोधियों की सरकार में कमजोर हुई सहकारिता’
लखीमपुर। प्रदेश सरकार में सहकारिता, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को जिला सहकारी बैंक की 85वीं वार्षिक साधारण सभा में शामिल हुए, जिसमें उन्होंने कहा कि जब-जब विरोधी दलों की प्रदेश में सरकार बनी, तब-तब सहकारिता कमजोर हुई है। हमारी सरकार सहकारिता आंदोलन के विकास के लिए दृढ़ है। सहकारी बैंकों को वित्तीय दृष्टि से सुदृढ़ बनाए जाने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने डीसीबी अधिकारियों को नई शाखा खोलने के लिए अनुमति देने का आश्वासन दिया।
मुख्यालय सभागार में दीप प्रज्जवलन और स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सभागार और वेब पोर्टल का शिलान्यास किया। बैंक अध्यक्ष पपिल कुमार मनार ने वित्तीय आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि 2013-14 में बैंक की अंशपूंजी में 366.34 लाख, कार्यशील पूंजी में 5726.32 लाख, निक्षेपों में 2105.57 लाख और ऋण वितरण में 9542.28 लाख की वृद्धि हुई। बैंक का शुद्ध लाभ 411.07 से बढ़कर 727.43 लाख हो गया है। बैंक का सकल एनपीए विगत वर्ष के 4.15 फीसदी से घटकर वर्तमान वर्ष में तीन फीसदी रहने की संभावना है। अध्यक्ष ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए तैयार की गई बैंक कार्ययोजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक वर्धन पाठक ने भावी योजनाओं के बारे में बताया कि नाबार्ड के साथ मिलकर बैंक सेवाओं में विस्तार किया जाएगा। 132 पैक्स समितियों के करीब चार लाख किसानों को जल्द ही डेबिट कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसानों को काफी सुविधाएं मिलेगी। 2015 में 50 हजार किसानों को डेबिट कार्ड देने का लक्ष्य रखा गया है। वेबपोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। इस अवसर पर विधायक उत्कर्ष वर्मा, विधायक सुनील कुमार भार्गव, नाबार्ड के महाप्रबंधक मुनीश, संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक श्रीकांत गोस्वामी आदि अधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।
इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां डीएम किंजल सिंह और एसपी अरविंद सेन ने स्वागत किया। इसके बाद वह जिला सहकारी बैंक के एजीएम में शामिल होने पहुंचे।
पांच किसानों को मिला डेबिट कार्ड
एजीएम के दौरान कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने अलीगंज सहकारी समिति के किसान योगेश मुरारी, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र पाल सिंह, संतराम, आदर्श कुमार को रूपे डेबिट कार्ड प्रदान किए गए।
किसानों ने उठाई गन्ना भुगतान की मांग
डीसीबी के एजीएम कार्यक्रम के समापन के दौरान कुछ किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया, जिस पर कैबिनेट मंत्री ने मिलों से वार्ता कर भुगतान कराने की बात कही। हालांकि किसान इससे संतुष्ट नहीं दिखे।
बयानबाजी तक सीमित रहा पचपेड़ी पुल का शिलान्यास
लखीमपुर खीरी। जिले के लोग कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह के आने पर पचपेड़ी घाट पुल के निर्माण के शिलान्यास की उम्मीद लगाए बैठे थे। सपा ने इसका जोर-शोर से प्रचार भी किया था, लेकिन मंत्री के आने से एक दिन पहले ही यह कार्यक्रम गायब हो गया। इससे लोगों की उम्मीदों को करारा झटका लगा।
बता दें कि पचपेड़ी घाट पुल की मांग अर्से से चली रही है, लेकिन अभी तक सिर्फ कागजी कार्यवाही और बयानबाजी तक मामला सीमित है। 10 फरवरी को पचपेड़ी घाट पुल के शिलान्यास की बात जोर-शोर से प्रचारित की गई थी, जिससे जनता को काफी उम्मीदें थीं, क्योंकि इस पुल के बन जाने से बाढ़-कटान से काफी हद तक लोगों को राहत मिल सकती है, तो निघासन जाने के लिए लोगों को आसानी होगी। सपा के जनप्रतिनिधियों वर्ल्ड बैंक द्वारा इस प्रोजेक्ट के स्वीकृत होने की बात कहते नहीं थक रहे थे और इसका श्रेय लेने की होड़ में लगे थे। उधर, जिला पंचायत सदस्य राजीव गुप्ता ने बताया है कि कुछ कागजी कार्यवाही में कमियां रह गई थीं, जिसके चलते मंगलवार को शिलान्यास नहीं हो सका है। उन्होंने जनता को आश्वासन देते हुए कहा है कि अप्रैल में कैबिनेट मंत्री पचपेड़ी घाट पुल का शिलान्यास करेंगे।
‘वादे नहीं निभाए इसलिए हार गई भाजपा’
लखीमपुर खीरी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि दिल्ली में ‘आप’ की एकतरफा जीत की वजह भाजपा के चुनावी वादों में से एक को भी पूरा नहीं करना रही है। दिल्ली की जनता ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को लोकसभा चुनाव के समय किए गए वादों पर अमल नहीं करने का करारा जवाब दिया है। केंद्र्र सरकार ने काला धन वापस लाने का वादा पूरा नहीं किया है। केंद्र्र को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि फरेबी चेहरा उजागर हो गया है। भाजपा ने चीन से जमीन वापस लेने की बात कही थी लेकिन चीन और जमीन पर कब्जा करता जा रहा है।
मंगलवार को जिले में आए शिवपाल सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक की वार्षिक साधारण सभा में शिरकत करते हुए दावा किया कि सपा ने जो भी वादे किए, उन्हें पूरा किया है। प्रदेश में रवी सीजन के दौरान यूरिया की किल्लत के लिए भी केंद्र सरकार जिम्मेदार है। केंद्र सरकार के यूरिया का आयात न करने से संकट पैदा हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि किसानों का बैंक कर्ज माफ किया गया है। दवाई और सिंचाई को मुफ्त किया गया है।
तिकुनियां में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के चलते किसान खुशहाल नहीं हैं। अगर चीनी का आयात रोक दिया जाए तो किसानों को उचित मूल्य मिलेगा। खाद, बीज और कीटनाशक पर सब्सिडी का लाभ किसानों के बजाय कंपनियों को दिया जा रहा है।