भाजपा ने एग्जिट पोल को बताया सही तो विपक्ष कह रहा सब्र रखो
जीत के प्रति सभी आश्वस्त, लेकिन जीत के जश्न की तैयारी किसी की नहीं
डीएम के साथ बैठक कर अपने एजेंट फाइनल करने में लगे रहे प्रत्याशी
लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव के परिणाम में महज दो दिन बाकी हैं। दस मार्च को शाम तक जिले की तस्वीर साफ हो जाएगी, लेकिन एग्जिट पोल के आंकड़ों ने प्रत्याशियों की धड़कन बढ़ा दी है। सत्तारुढ़ भाजपा प्रत्याशी जहां एग्जिट पोल के बाद जीत के प्रति आश्वस्त हैं, तो कांटे की टक्कर में दिखने वाली सपा एग्जिट पोल के रुझानों को प्रायोजित बता रही है। बसपा और कांग्रेस का भी यही कहना है।
जिले की आठों विधानसभा सीटों पर कुल 65 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई है। सभी सीटों पर सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। खास बात यह है कि एग्जिट पोल के नतीजे भाजपा के पक्ष में होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशियों की भी जीत के जश्न को लेकर कोई खास तैयारी नहीं दिख रही है। सभी विधानसभा सीटों के नतीजे जानने के लिये सभी दल अंतिम दौर तक बस अपने-अपने एजेंट फाइनल करने में लगे हैं। देर शाम तक भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के साथ बैठक करते रहे। (संवाद)
पिछले बार के मुकाबले 0.49 प्रतिशत ही कम रहा मतदान
लखीमपुर खीरी। जिले में पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार महज 0.49 फीसदी ही कम मतदान हुआ है, जिससे इसको लेकर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में जहां 68.60 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, वहीं इस बार 68.11 फीसदी वोटिंग हुई है। ऐसे में इस बार वोटिंग प्रतिशत में मामूली कमी से जहां सत्ता पक्ष यह कयास लगा रहा है कि पिछली बार की तरह आठों सीटें उसे मिलेंगी। वहीं, मुख्य विपक्ष का कहना है कि जब मतदान प्रतिशत पिछले साल के बराबर है तो इस बार चुनाव परिणाम उसके पक्ष में होगा। क्योंकि, पिछले चुनाव में जहां मोदी लहर में भाजपा ने मैदान मार लिया था, लेकिन इस बार किसी की लहर नहीं थी और जनता से सरकार की नाराजगी भी थी। ऐसे में बराबर मतदान प्रतिशत विपक्ष का है। संवाद
अब तो एग्जिट पोल के रुझानों ने भी भाजपा को बहुमत दिया है, ऐसे में अब जीत के विषय में कहीं कोई संशय नहीं रह जाता।
- सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा
ये चुनाव का नहीं भाजपा का एग्जिट पोल है और असली कहानी 10 मार्च को सामने आएगी। सभी सीटों पर जीत हमारी होगी।
- रामपाल यादव, जिलाध्यक्ष सपा
टीवी पर दिखाया जा रहा एग्जिट पोल प्रायोजित है। चुनाव में पूरी तरह ध्रुवीकरण चला है और कांग्रेस सम्मानजनक स्थिति में है।
- प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
एग्जिट पोल तो हर बार सत्ता पक्ष की सरकार बनाता है। जमीन पर स्थिति अलग होती है। आठ में पांच सीटों पर हम जीतने जा रहे हैं।
- अजय चौधरी, जिलाध्यक्ष बसपा
कब कहां कितना रहा मतदान प्रतिशत
विधानसभा क्षेत्र 2017 2022
पलिया 67.90 65.92
निघासन 67.52 69.43
गोला गोकर्णनाथ 68.40 65.62
श्रीनगर (सु) 72.20 71.59
धौरहरा 68.56 68.90
लखीमपुर 64.72 65.38
कस्ता (सु.) 70.03 69.32
मोहम्मदी 69.43 68.68
औसत मतदान 68.60 68.11