पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व के पर्यटन को पंख लगाने के लिए पलिया के मुंजहा हवाई पट्टी को हवाई अड्डे के रूप में विकसित किए जाने का काम भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी न हो पाने के कारण लटका है। यहां पिछले छह माह में करीब 60 फीसदी ही अधिग्रहण का काम हो पाया है।
करीब 655.30 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण के लिए मुंजहा, फुलवरिया व गजरौरा गांवों के 339 किसानों की जमीनें अधिग्रहीत की जानी हैं। इसके लिए किसान पहले ही सहमति पत्र दे चुके हैं। अधिग्रहण में जमीनों के बदले चार गुना दाम किसानों को दिया जाएगा। छह माह पहले शुरू हुई प्रक्रिया में जमीनों के मालिकों की सूची तैयार की गई। बजट भी पास हो गया, जिसके बाद से प्रशासन द्वारा अधिग्रहण का कार्य शुरू किया गया, पर अभी ये पूरा नहीं पाया है।
सरकार की कोशिश है कि इस हवाई अड्डे का विस्तार कर कम से कम 72 सीटों वाले विमान को उतरने लायक बनाया जाए। पिछले सत्र में दुधवा में 56 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने भ्रमण किया था। राजस्व विभाग नियमित तौर पर भूमि अधिग्रहण के कार्यों की समीक्षा कर रहा है।
एयरपोर्ट बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण का 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है, इन किसानों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि बाकी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर तेजी से काम किया जा रहा है।
0000000
ये हैं सरकारी रेट
सरकारी रेट के अनुसार, मुंजहा गांव में पक्की सड़क के पास स्थित जमीन के 36 लाख प्रति हेक्टेयर, आबादी वाली जमीन के दाम 30 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर और खड़ंजे वाली जमीन के दाम 22 लाख रुपये होंगे। एक हेक्टेयर में 2.47 एकड़ जमीन आती है। फुलवरिया गांव में पक्की सड़क के पास की जमीन के 35 लाख, आबादी की जमीन के 34 लाख और खड़ंजे वाली जमीन के दाम 26 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर हैं। गजरौरा गांव में पक्की सड़क के पास की जमीन के 36 लाख, आबादी वाली जमीन के 32 लाख और खड़ंजे के पास स्थित जमीन के दाम 24 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित हैं। जमीन मालिकों को इन दाम से चार गुना रुपये दिए जाएंगे।
00000000
तीन गांवों का यह है बाजार भाव
बाजार भाव की बात करें तो मुंजहा में पक्की सड़क किनारे जमीन के 62 लाख, आबादी की जमीन के 44 लाख और खड़ंजे वाली जमीन के भाव प्रति हेक्टेयर 38 लाख रुपये चल रहे हैं। फुलवरिया में पक्की सड़क किनारे जमीन के 50 लाख, आबादी वाली जमीन के 45 लाख और खड़ंजे वाली जमीन के दाम 41 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर हैं। गजरौरा गांव में पक्की सड़क है, इसीलिए इस गांवों में जमीनों के दाम महंगे हैं। यहां पक्की सड़क किनारे जमीन के 65 लाख, आबादी वाली जमीन के 50 लाख और खड़ंजे वाली जमीन के दाम 45 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर हैं।
00000000000
मामले में अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है और और जो चीजें सामने आएंगी उसके बारे में जानकारी देने का कार्य किया जाएगा।
रत्नाकर मिश्रा, एसडीएम पलिया