दुधवा नेशनल पार्क की सैर करने के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें दुधवा पार्क घूमने के लिए निदेशक, उपनिदेशक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे अब घर बैठे ही दुधवा की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।
पार्क उपनिदेशक वीके सिंह ने बताया कि दुधवा में ऑनलाइन बुकिंग करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश वन निगम को सौंपी गई है। दुधवा आने वाले पर्यटक वेबसाइट ‘यूपीइकोटूरिज्म.इन’ पर जाकर अपनी बुकिंग करा सकते हैं। ऑन लाइन बुकिंग में पूरा टूरिस्ट पैकेज होगा। जिसमें दुधवा नेशनल पार्क के अंदर लॉजिंग और फूडिंग शामिल होगी। बुकिंग के लिए ऑन लाइन भुगतान की भी व्यवस्था है।