लखीमपुर खीरी। हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर बहनों को प्रदेश सरकार ने तोहफा दिया है। भाइयों के घर आने-जाने के लिए रोडवेज बसों में तीन दिन तक वे मुफ्त सफर कर सकेंगीं। रोडवेज के अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रक्षाबंधन नौ अगस्त को है। शासन के निर्देश के तहत आठ अगस्त की सुबह छह बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक 66 घंटों तक महिलाओं से सफर के दौरान किराया नहीं लिया जाएगा, जो पिछले साल की अपेक्षा इस साल 18 घंटे अधिक है। पिछले साल दो दिन यानी 48 घंटे ही मुफ्त सफर रहा था।
ऐसे में इस बार भीड़ भी अधिक बढ़ने के आसार हैं। रोडवेज प्रशासन बसों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाएगा। लखीमपुर डिपो पर 83 अनुबंधित बसें है, जबकि गोला डिपो पर निगम व अनुबंधित मिलाकर करीब 136 रोडवेज बसें है। सभी बसों को रक्षाबंधन पर विशेष संचालन किया जाएगा। बसों की छोटी-छोटी खामियों को दुरुस्त किया जाने लगा है।
चालकों व परिचालकों को नहीं मिलेगी छुट्टी
रक्षाबंधन त्योहार को लेकर तीन दिनों तक चालक-परिचालकों को आपातकाल को छोड़कर छुट्टी नहीं दी जाएगी। इसको लेकर चालकों-परिचालकों को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, इसके लिए चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
-
उच्चाधिकारियों की बैठक में तीन दिनों तक मुफ्त सफर को लेकर निर्देश मिले हैं। हालांकि, अभी तक लिखित में कुछ नहीं आया है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देशों के क्रम में मुफ्त सफर को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
-आशीष कुमार, इंचार्ज, लखीमपुर डिपो