बिजुआ। लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में फंदा लगाकर जान देने वाली नर्सिंग छात्रा लक्ष्मी गौतम (23) का शुक्रवार दोपहर पैतृक गांव रैनागंज में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विकास खंड बिजुआ की ग्राम पंचायत रामेश्वरापुर के मजरा रैनागंज निवासी उमाशंकर की पुत्री लक्ष्मी बहन सुजीता के साथ लखनऊ के बख्शी का तालाब में किराये के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसकी दिल्ली में नौकरी लग गई थी और 12 अक्तूबर को उसे वहां जाना था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम दवा लेने जाते समय फोन पर एक युवक से उसकी बहस हुई थी। रात करीब आठ बजे बहन के कमरे पर पहुंची तो लक्ष्मी का शव फंदे से लटका मिला। पोस्टमाॅर्टम में कंधे पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
बहन ने आशियाना निवासी एक युवक पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। लखनऊ पुलिस ने बताया कि मोबाइल कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। सुसाइड नोट नहीं मिला है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।