Now the temperature will increase further, wait for a day or two for relief
दिन भर छाई रही धुंध, उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल, लू ने झुलसाया
लखीमपुर खीरी। गर्मी का टार्चर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह से वातावरण में धुंध सी छाई रही। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। दोपहर तक हवा भी बंद रही। उम्मीद थी कि बादल बरसेंगे, पर ऐसा नहीं हुआ। दोपहर बाद गर्म पछुआ हवाओं का चलना शुरू हो गया, जिससे मौसम साफ हो गया और कड़ी धूप के साथ लोगों को लू के थपेड़े भी झेलने पड़े।
इस बार की गर्मी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह तापमान पिछले दो दिनों की अपेक्षा मामूली कम है, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोग दिन भर बिलबिलाते रहे। दोपहर के समय तो सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। दोपहर तक हवा बंद रहने से गर्मी में और ज्यादा इजाफा हुआ। लोगों को न घर बैठे चैन मिला न ही बाहर निकलने पर।
गर्मी का आलम यह है कि पंखों की बात जाने दीजिए एसी और कूलर भी सुकून नहीं दे पा रहे हैं। बार-बार की बिजली ट्रिपिंग लोगों की मुसीबतें और ज्यादा बढ़ा रही है। सोमवार को सुबह से लेकर रात तक लोग पसीने से तर बतर रहे। खना पीना और सोना सब कुछ मुहाल हो गया।
बुजुर्गों का कहना है कि इस साल जितनी गर्मी पड़ रही है उतनी गर्मी इससे पहले कभी नहीं पड़ी। इस बार तो अप्रैल में ही इतनी गर्मी पड़ रही थी कि जितनी कभी मई और जून में पड़ती थी। कुछ लोगों का कहना है कि सर्दी के मौसम के बाद बसंती का मौसम आता है। बसंत के बाद गर्मी आती है लेकिन इस बार तो बसंत का मौसम ही गायब हो गया। सर्दी खत्म होते ही एकाएक गर्मी आ गई जिससे शरीर को बढ़ता तापमान सहन करना मुश्किल हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि तापमान में अभी और बढ़ोतरी संभव है। लू भी चलेगी। इस बीच एक दो दिन में तेज धूल भरी आंधी आने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद भी तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में लू का प्रकोप बढ़ सकता है।