मोहम्मदी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चलुवराजु आर की अध्यक्षता में तहसील के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें एसडीएम ने स्कूल वाहनों के सभी मानक पूरी तरह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि कुछ दिन पहले एक विद्यालय वाहन पर गन्ने का ट्रक पलट जाने की घटना हुई थी और वह वाहन मानक के अनुसार नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विद्यालय ऐसे वाहन ही प्रयोग करें, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप हों।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी स्कूल गैस से संचालित वाहन का उपयोग न करे और केवल कॉमर्शियल वाहन ही इस्तेमाल करें। डग्गामार वाहनों से पूरी तरह बचें। प्रत्येक वाहन में क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाया जाए। 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी किसी भी कीमत पर दो-पहिया वाहन पर स्कूल न आएं। इस संबंध में शिकायत मिलने पर बच्चों के अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदी शशांक सिंह, पसगवां संजीव कुमार, इंस्पेक्टर उमेश चंद चौरसिया के साथ स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।