मोहल्ला कंचनपुरी में नहर पटरी पर बन रही सीसी सड़क। संवाद
लखीमपुर खीरी। करीब 15 साल से जर्जर सड़क पर हिचकोले खाते हुए गुजरने पर मजबूर लोगों को अब राहत मिलने वाली है। शहर की शिव कॉलोनी में नहर पटरी से गोला रोड हाईवे तक जाने वाले मार्ग का सीसी निर्माण अंतिम चरण में है।
41 लाख 36 हजार 566 रुपये की लागत से 430 मीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। एक दिन का काम शेष है। इसके पूरा होते ही इसी सप्ताह आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।
यह मार्ग कंचनपुरी से नहर पटरी होते हुए उमेश कुमार के मकान के पास से गोला रोड हाईवे तक पहुंचता है। छाउछ नहर पटरी पर ज्ञान स्थली एकेडमी के पास से गुजरने वाला यह रास्ता शहर की बड़ी आबादी के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी आवागमन का प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से सड़क खराब होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। बारिश के दौरान कीचड़ और गड्ढों के चलते रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता था।
नगर पालिका के ईओ संजय कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसी सप्ताह इसे लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इससे आसपास के लोगों को राहत मिलेगी और गोला रोड हाईवे तक पहुंचना आसान होगा।