फीता काटकर संचालन करवाते मैगलगंज इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार पांडे व अन्य टोल कर्मी। संवाद
मैगलगंज। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अब मैगलगंज टोल प्लाजा का संचालन अपनी देखरेख में शुरू कर दिया है। एनएचएआई ने एसकेएम कंपनी को 20 साल तक टोल संचालन का जिम्मा सौंपा। मैगलगंज के पुलिस इंस्पेक्टर रविंद्र पांडे ने सोमवार को फीता काटकर औपचारिक टोल संचालन का शुभारंभ किया।
टोल प्लाजा का संचालन अब तक एक अन्य कंपनी कर रही थी, लेकिन सोमवार से वह कंपनी अपना कामकाज समेट चुकी है और कार्यभार नई कंपनी मिला है। नई कंपनी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। हाईवे पर दुर्घटनाओं के बाद राहत-सुविधाएं उपलब्ध कराने में सुधार करना होगा। साथ ही मैगलगंज ओवरब्रिज पर लगी हाईमास्ट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी है, जिसे दुरुस्त करना आवश्यक है। इसके अलावा टोल प्लाजा पर सार्वजनिक शौचालय, तौल कांटा और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे भी सामने हैं।
कंपनी के मैनेजर रामू ने बताया कि अब हाईवे व टोल पर मिलने वाली सुविधाएं हम अपने ग्राहकों को उपलब्ध करवाएंगे एवम अन्य जो भी कमियां है उनको दुरुस्त करवाने का काम करेंगे। इधर, स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि नई कंपनी और एनएचएआई न केवल टोल संचालन को सुचारू बनाएंगे बल्कि यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देंगे। कार्यक्रम के दौरान विकास अवस्थी, किसान नेता श्यामू शुक्ला, क्षेत्रीय गन्ना डायरेक्टर अनिल राठौर, प्लाजा स्टाफ आदि मौजूद रहे।