मैलानी। राजामंडी गांंव में सड़क निर्माण के लिए खोदी गई खाई में गिरकर मिट्टी में दबने से हुई बच्चे की मौत के बाद हरकत में आए पीडब्ल्यूडी ने संबंधित ठेकेदार को अब सिर्फ पांच फुट तक खोदाई के निर्देश दिए हैं।
पीडब्ल्यूडी की ओर से ठेकेदार के माध्यम से मैलानी से टेढवा पुल तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। चौड़ीकरण के लिए सड़क के किनारे ग्राम पंचायत सुआबोझ के गांव राजामंडी के पास करीब दस फुट गहरी खाई खुदी है।
मंगलवार को राजामंडी निवासी दस से बारह वर्ष के हमउम्र पांच बच्चे सचिन पुत्र सूरज, सचिन पुत्र रघुवीर, प्रेम पुत्र सोनू, आर्यन पुत्र छत्तीस, निखिल पुत्र भोला शाम को खेलते समय खाई में गिर गए थे। सचिन पुत्र सूरज की मौत हो गई थी।
इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने अब ठेकेदार को चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे से पांच फुट गहराई तक ही मिट्टी खोदने के निर्देश दिए हैं। ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। संवाद