संपूर्णानगर। क्षेत्र के मुरारखेड़ा निवासी एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त के लिए प्रधान पुत्र व सचिव पर 10-10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।
अब उक्त महिला के घर पर ही नोटिस चस्पा कर दिया गया है, जिसमें पहली किस्त की रकम वापसी के लिए उन्हें निर्देशित किया गया है। मुरारखेड़ा काॅलोनी निवासी पूनम देवी पत्नी स्व. हरिलाल ने बताया था कि उन्हें आवास योजना का पात्र मानकर पहली किस्त 40 हजार रुपये प्राप्त हुई थी। इसके बाद उसकी दूसरी किस्त रोक दी गई थी।
डीएम समेत अन्य अधिकारियों से की गई शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान पुत्र व सचिव दूसरी किस्त दिलाने के नाम पर 10-10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
रुपये देने के बाद भी उसकी किस्त नहीं आई। शुक्रवार को महिला के आवास पर ब्लाॅक की तरफ से नोटिस चस्पा कर दिया गया। इसमें पहली किस्त की धनराशि जमा करने के लिए कहा गया है। महिला ने विधायक व डीएम से मामले में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
बीडीओ सर्वेश तिवारी ने बताया कि एडीओ पंचायत ने मामले की जांच की थी। इसमें पाया था कि महिला को पहले भी आवास मिल चुका है। ऐसे में दूसरा आवास नहीं मिल सकता है। इस कारण किस्त रोकी गई थी। इस संबंध में उच्च अफसरों को बताया गया है। पहली किस्त की वसूली की जाएगी।