लखीमपुर खीरी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों की पोषण ट्रैकर एप पर ई-केवाईसी और चेहरा प्रमाणीकरण होना है, जिसकी जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी गई है। जनपद के 735 कार्यकर्ताओं ने अभी तक काम शुरू नहीं किया। विभागीय अफसरों ने सभी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर उनका मानदेय रोका दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने बताया कि यह काम 30 जून तक पूरा करना है। जनपद स्तर से लेकर शासन स्तर पर लगातार इसकी समीक्षा की जा रही है। कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है।
जनपद में वर्तमान में 2.90 लाख से अधिक लाभार्थियों का ई-केवाईसी एवं चेहरा प्रमाणीकरण होना शेष है। काम में लापरवाही बरतने वाली जनपद की 735 कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर अग्रिम आदेशों तक मानदेय रोक दिया गया है।
निघासन की सबसे ज्यादा लापरवाही
लाभार्थियों की ई-केवाईसी न करने में सबसे ज्यादा स्थित निघासन की खराब है। वहां सबसे ज्यादा 128 कार्यकर्ताओं ने अब तक अपने लाभार्थियों की ई-केवाईसी का काम शुरू तक नहीं किया। बांकेगंज में एक, कुंभी गोला तीन, बेहजम में 23, धौरहरा में 31, मितौली में 34, पसगवां में 37, नकहा में 40, पलिया में 49, मोहम्मदी में 55, ईसानगर में 62, रमियाबेहड़ में 84, लखीमपुर ग्रामीण में 89 और फूलबेहड़ में 99 कार्यकर्ताओं ने अब तक काम शुरू नहीं किया।