बसपा प्रमुख ने सपा को कानून व्यवस्था और आरक्षण पर भाजपा को घेरा
आतंकवाद के नाम पर अल्पसंख्यक उत्पीड़न का आरोप
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में बसपा सुप्रीमो मायावती ने अखिलेश यादव की सरकार को कानून व्यवस्था पर घेरते हुए प्रदेश में अपराधों और दंगों को गिनाया। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए बोलीं कि भाजपा के पास कोई सीएम का चेहरा नहीं। यह पार्टी प्रदेश की सत्ता में आई तो आरएसएस का एजेंडा लागू होगा।
उन्होंने कहा कि सपा के मुख्यमंत्री अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह फेल रहे हैं। कांग्रेस की नीतियों से परेशान होकर ही जनता ने उसे सत्ता से बेदखल किया। अब वह सपा के साथ गठबंधन कर सपा के जंगलराज को समर्थन दे रही है। सभा में उन्होंने मुजफ्फरनगर के दंगे, मथुरा में खूनी संघर्ष, बुलंदशहर का गैंगरेप कांड जिक्र किया। उन्होंने भाजपा की सरकार बनी तो वह आरएसएस के एजेंडे को लागू कर आरक्षण खत्म या प्रभावहीन करने की कोशिश करेगी। साथ ही उन्होंने अपनी सरकार बनने पर अल्पसंख्यक और सवर्ण जातियों को आर्थिक आधार पर आरक्षण देने का वादा किया। इसके अलावा उन्होंने किसानों का एक लाख कर्जा माफ, जरूरतमंदों को आर्थिक मदद और सपा सरकार में पीड़ित लोगों की अभियान चलाकर एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया।
जनसभा में राज्यसभा सदस्य डॉ अशोक सिद्धार्थ, नेकपाल भारती, इंतिजार आब्दी, जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, मुस्लिम समाज के जिलाध्यक्ष शहाब खां, प्रमोद चौधरी, मोबीन खां, डॉ हीरा ठाकुर, लखीमपुर सदर प्रत्याशी शशिधर मिश्रा नामे महाराज, मोहम्मदी से दाउद अहमद, धौरहरा से शमशेर बहादुर, श्रीनगर से प्रवीण कुमार, गोला प्रत्याशी बीटू पटेल, राजेश गौतम, पलिया से डॉ वीके अग्रवाल, निघासन से जीएस सिंह मौजूद रहे।
पुलिस और शिक्षकों पर भी डाले डोरे
बसपा सुप्रीमो ने पुलिस और शिक्षकों पर भी डोरे डाले। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की बार्डर स्कीम समाप्त करते हुए अवकाशों के नकदीकरण का लाभ दिया जाएगा। विवाहित महिला शिक्षकों को उनके पति के साथ उसी जिले में तैनाती और अविवाहित महिला को गृहजनपद में तैनाती दिलाने का वादा किया है।
मुसलमानों को दिखाया भाजपा का डर
बसपा सुप्रीमो ने मुसलमानों को अपने पाले में करने के लिए गोरक्षा, लव जिहाद, देशभक्ति, आतंकवाद के नाम पर अल्पसंख्यकों के उत्पीडन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सिर्फ बसपा ही रोक सकती है।