पंचायत चुनाव के पहले चरण में नामांकन के दूसरे दिन उम्मीदवारों में खासा उत्साह दिखा। मंगलवार को पसगवां, मोहम्मदी, बेहजम और मितौली ब्लाकों में नामांकन कराने वाले उम्मीदवारों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया। निर्धारित समय चार बजे तक नामांकन कराने के इच्छुक तमाम लोगों के नामांकन जमा नहीं हो पाए थे।
नामांकन कराने से कोई उम्मीदवार वंचित न होने पाए इसके लिए निर्वाचन अधिकारियों ने उनके नामांकन बिना रजिस्टर में दर्ज किए जमा करा लिए। देर रात उनकी इंट्री और गिनती का काम जारी था। इसलिए दूसरे दिन प्रधान पद और पंचायत सदस्यों के कितने नामांकन दाखिल हुए इसका सही-सही आंकड़ा नहीं मिल सका।
मोहम्मदी/जंगबहादुरगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के दूसरे दिन भी काफी गहमागहमी रही। तमाम प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ आए तो कुछ प्रत्याशी गाडिय़ों के काफिले के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन कराया। इस बार नामांकन में महिला प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा दिखी। पंचायत चुनाव महिला सीट पर चुनाव लड़ने के लिए महिलाएं भी पुरुषों से कहीं पीछे नहीं दिखीं। कुछ महिलाएं तो नामांकन जमा करते समय अपने बच्चे को भी गोद में संभाले थी।
इसके अलावा पसगवां ब्लाक पर नामांकन कराने आई एक दर्जन से अधिक गाड़ियों में से चार गाड़ियों को पुलिस एसडीएम के निर्देश पर सीज कर दिया।