लखीमपुर खीरी। कलक्ट्रेट परिसर में फायर हाईड्रेंट न होने से दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने गाड़ियों में पानी खत्म होने पर पांच सौ मीटर दूर स्थित कंपनी बाग से पानी लाकर आग पर काबू पाया।
कलक्ट्रेट परिसर काफी संवेदनशील जगह है। इसी से जुड़ी कचहरी है। इस वजह से यहां भीड़भाड़ रहती है। गनीमत यह है कि कलक्ट्रेट परिसर से करीब 500 मीटर की दूरी पर फायर स्टेशन है। यहां पर सबमर्सिबल लगा है। सोमवार को जब एनआईसी भवन पर आग लगी तो पांच मिनट के अंदर चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन पानी की कोई व्यवस्था कलक्ट्रेट में न होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ीं। चालक गाड़ियों में कुछ दूरी पर स्थित कंपनी बाग से पानी भरकर लाए।
इन स्थानों पर लगे हैं फायर हाईड्रेंट
फायर स्टेशन परिसर-1
इमली चौराहा-1
कचहरी रोड साड़ी संसार-1
खपरैल बाजार मंदिर के पास-1
पुलिस लाइन-1
डीसी रोड-1
विलोबी हाल-1
इंडेन बाटलिंग प्लांट-1
कंपनी बाग-1
फायर स्टेशन परिसर- सबमर्सिबल पंप
कलक्ट्रेट परिसर फायर स्टेशन के पास में ही है। वहां पर हाईड्रेंट नहीं है। अधिक दूरी न होने के कारण पानी की कोई दिक्कत नहीं आई है। इस अग्निकांड में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान हैं।
- सियाराम, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, लखीमपुर खीरी
आग में कुछ स्टेशनरी जली, अहम दस्तावेज सुरक्षित
एडीआईओ महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग से सर्वर रूम पूरा जलकर राख हो गया, जबकि विडियो कांफ्रेंसिंग रूम में रखा सारा फर्नीचर जल गया। एडीआईओ के मुताबिक, अहम दस्तावेज वहां नहीं थे। केवल कुछ स्टेशनरी आदि ही जली है। आठ कंप्यूटर पूरी तरह से जल गए हैं, जिससे हार्ड डिस्क में मौजूद अहम डेटा के नुकसान होने की आशंका है।