धौरहरा। पढुआ क्षेत्र निवासी बीसी संचालक से दिनदहाड़े चाकू मारकर हुई लूट का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की रकम, बाइक व तमंचा बरामद किया है।
बीसी संचालक अमित कुमार पुत्र ओम प्रकाश मंगलवार को अपने सेंटर पहडियापुर गांव जा रहा था। रास्ते में तुलसी रामपुरवा के पास आरोपी चाकू मारकर चार लाख से भरा बैग लूट ले गए थे। मामले के खुलासे के लिए एसपी संकल्प शर्मा के निर्देश पर एएसपी पवन गौतम, सीओ शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा, निरीक्षक अपराध गंगाप्रसाद ने पुलिस की छह टीमें बनाईं। इसके अलावा स्वॉट टीम प्रभारी अजय प्रकाश यादव सर्विलांस टीम के साथ लूट के आरोपियों की तलाश में जुटे तो परतें खुलने लगीं।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी सोनू पुत्र हबीब निवासी हैदरगंज लखनऊ, मोहम्मद मुस्तकीम निवासी बड़ागांव शारदा नगर, शमशुद्दीन पुत्र मकबूल निवासी मझरी करिंदा लहरपुर सीतापुर, दीपू कश्यप पुत्र अवध राम कफारा, कुलदीप सिंह पुत्र रवींद्र सिंह, अमित सिंह पुत्र राकेश सिंह निवासी उर्रा थाना फूलबेहड़, नीरज पासी पुत्र दरबारी निवासी ईदईपुरवा शारदा नगर, अमित कुमार त्रिवेदी पुत्र श्रीधर त्रिवेदी निवासी कुटी डिहुआ, दीपक तिवारी पुत्र कृष्णकांत तिवारी निवासी संकल्पा थाना धौरहरा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं राजू पुत्र जाहिद अली निवासी बड़ागांव थाना शारदा नगर फरार चल रहा है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 2.15 लाख रुपये, ट्रांजेक्शन मशीन, ग्राहकों की पासबुक, आधार कार्ड, पेनकार्ड, चेकबुक, बैग, मोटर साइकिल और 12 बोर तमंचा कारतूस बरामद कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि लूट के नौ आरोपियों को लूट के माल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि एक की तलाश जारी है।