लगातार चार दिन बैंक बंद रहने से शहर के किसी भी एटीएम में कैश नहीं है। शुक्रवार को लोग पैसा निकालने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक दौड़ते रहे लेकिन कहीं कैश नहीं मिला। शहर में अस्पताल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर लंबी लाइन लगी थी। केवल उसी एटीएम में कैश था, लेकिन वहां भी दोपहर बाद कैश खत्म हो गया।
वित्तीय वर्ष के समापन पर 31 मार्च को बैंकोें में लेनदेन बंद रहा। एक अप्रैल को क्लोजिंग के कारण बैंक बंद रहे। दो अप्रैल को महावीर जयंती और तीन मार्च को गुड-फ्राइडे का अवकाश रहा। इन चार दिनों में जो पैसा एटीएम में था खत्म हो गया। शुक्रवार को अधिकतर एटीएम में कैश निल का बोर्ड टांग दिया गया। जिला सहकारी बैंक समेत कई एटीएम पर तो शटर डाउन कर दिए गए थे। कुछ एटीएम पर में कोई सूचना बोर्ड तो नहीं था लेकिन वहां कैश नहीं निकल रहा था। बैंक बंद रहने और एटीएम पर कैश निल होने से बैंक उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार को आधे दिन ही बैंक का कामकाज होगा। इसके चलते शनिवार को बैंकों में भीड़ होने की उम्मीद है।