लखीमपुर खीरी। नए साल के स्वागत के लिए शहर में उत्सव का माहौल है। एक तरफ रेस्टोरेंट, होटल, क्लब और बाजार पूरी तरह नव वर्ष के रंग में रंगने लगे हैं। इस जश्न और उल्लास के माहौल में खलल पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने भी अपनी तैयारियां कर रखी हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अगर जश्न के माहाैल में किसी ने उत्पात किया तो उसे सलाखों के पीछे रात काटनी होगी। नव वर्ष पर 31 दिसंबर और पहली जनवरी को शहर के होटल, चौराहों और शराब की दुकानों के आसपास पुलिस की पैनी निगाह रहेगी।
नव वर्ष के स्वागत के लिए जगह-जगह आकर्षक लाइटिंग, रंगीन सजावट और खास थीम के साथ प्रतिष्ठानों को सजाया जा रहा है, ताकि आने वाले मेहमानों को यादगार अनुभव मिल सके। युवाओं और कपल्स को आकर्षित करने के लिए होटल और क्लबों में स्पेशल न्यू ईयर पार्टियों की प्लानिंग की गई है। परिवार के साथ जश्न मनाने वालों के लिए भी अलग-अलग पैकेज तैयार किए गए हैं।
न्यू ईयर को खास बनाने के लिए कई होटलों में डिनर पार्टी, म्यूजिक नाइट और काउंटडाउन सेलिब्रेशन का आयोजन किया जा रहा है। रेस्टोरेंट में युवाओं के लिए डीजे की व्यवस्था की गई है, जिससे वे संगीत के साथ नए साल का जश्न मना सकें।
ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए रेस्टोरेंट संचालकों की तरफ से कहीं 10 तो कहीं 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। रेस्टोरेंट संचालक समीर वर्मा और यश बत्रा ने बताया कि न्यू ईयर पर दोस्तों के साथ पार्टी करने वालों के साथ-साथ परिवार और मित्रों के साथ आने वाले ग्राहकों के लिए भी अलग से ऑफर और पैकेज तैयार किए गए हैं।
शराब पीकर हुड़दंग किया तो सख्ती से निपटेगी पुलिस
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि नए साल के उल्लास में अराजकतत्व और शराब के नशे में युवा हुड़दंग करते हैं। इससे मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे अराजक तत्वों से निपटने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ ही पूरे जिले के थानेदारों को निर्देश जारी किए गए हैं। वह अपने क्षेत्रों में रहकर गश्त करेंगे। साथ ही हर चौराहे, होटल, ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास निगरानी की जाएगी। अगर कोई भी अराजकता फैलाते हुए दिखाई दिया तो पुलिस उसके साथ सख्ती के पेश आएगी।
शहर में इन जगहों पर होती है जमकर भीड़
शहर का विलोबी मेमोरियल हाॅल के अलावा रोडवेज, रेलवे स्टेशन, लालपुर स्टेडियम के अलावा शहर के सन्नाटे वाले इलाकों में भारी भीड़ उमड़ती है। इन जगहों पर लोगों के शराब के नशे में उत्पात मचाने की संभावना ज्यादा रहती है। ऐसे में इन जगहों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहकर ऐसे लोगों पर निगाह रखेंगे।
सड़कों पर उतरेंगे सीओ और इंस्पेक्टर
एसपी ने बताया कि नए साल पर जिले के सभी सीओ और इंस्पेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए 31 दिसंबर की देर शाम सड़कों पर उतरकर आने जाने वालों की चेकिंग करेंगे। ब्रीथ एनालाइज़र से शराब पीकर उत्पात करने वालों की भी धड़पकड़ की जाएगी। किसी को भी हुड़दंग मचाने की इजाजत नहीं होगी। होटल संचालकों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एक जनवरी को भी गश्त प्रभावी रहेगी।