धनगढ़ी। सीमा से लगे कंचनपुर जिले की भीमदत्त नगर पालिका में एक नेपाली युवक के पास से लाखों रुपये की भारतीय मुद्रा पुलिस ने बरामद की है।
कंचनपुर जिले की भीमदत्त नगर पालिका के गड्ढा चौकी क्षेत्र की सीमा सुरक्षा बल एपीएफ व थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से गश्त के दौरान शक होने पर एक नेपाली युवक को पकड़ा और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 500-500 रुपये के भारतीय नोट बरामद हुए। पुलिस ने जब इनकी गिनती की, तो यह छह लाख 88 हजार रुपये भारतीय मुद्रा निकली।
बता दें कि नेपाल में भारतीय 200 व 500 रुपये के नोट पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी बड़ी तादात में 500 के नोट मिलने के बाद पुलिस ने पकड़े गए नेपाली से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसे राजस्व अनुसंधान विभाग कोहलपुर के सुपुर्द भी कर दिया है।